बिहार में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान, CM सम्राट ने सभी जिलों में सर्वे करने के निर्देश दिए

बिहार में बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान, CM सम्राट ने सभी जिलों में सर्वे करने के निर्देश दिए

बिहार में बेमौसम बारिश से धान की खड़ी और कटी फसल को नुकसान पहुंचा है. करीब 40 फीसदी धान की कटाई अभी बाकी थी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को सभी जिलों से नुकसान की रिपोर्ट जुटाने और प्रभावित किसानों को जरूरी सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

bihar govt crop survey orderbihar govt crop survey order
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Nov 25, 2026,
  • Updated Nov 25, 2026, 3:41 PM IST

बिहार में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. राज्य के कई जिलों में हुई बारिश से धान की खड़ी और कटी फसल प्रभावित होने की आशंका है. इसके साथ ही रबी फसलों की बुवाई की तैयारी भी प्रभावित हुई है. हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को फसल नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों तक जरूरी मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

सभी जिलों से जुटाई जाएगी नुकसान की रिपोर्ट

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अधिकारियों को निर्देशों की जानकारी दी. उन्होंने कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग से सभी जिलों में जमीनी स्तर पर रिपोर्ट जुटाने और बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने को कहा है.

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है और हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है. सरकार की ओर से प्रभावित किसानों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है.

खेतों में खड़ी धान की फसल पर सबसे ज्यादा चिंता

बेमौसम बारिश ऐसे समय हुई है, जब राज्य के कई इलाकों में धान की कटाई पूरी नहीं हुई थी. कृषि विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, कई जिलों में करीब 40 फीसदी धान की फसल अभी भी खेतों में खड़ी थी या कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए खुले में रखी गई थी. ऐसे में बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खुले में रखी धान की फसल भी भीग गई है. इससे उपज की गुणवत्ता प्रभावित होने और किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.

रबी फसलों की बुवाई की तैयारी पर भी असर

बारिश के कारण खेतों में रखे धान के बंडल और पुआल भीग गए हैं. लंबे समय तक नमी बने रहने से इनके सड़ने और फसल की गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है. इससे किसानों को उपज के भंडारण और बिक्री में भी परेशानी हो सकती है.

धान की कटाई पूरी होने के बाद किसान रबी सीजन की फसलों की बुवाई शुरू करने की तैयारी में थे. लेकिन बेमौसम बारिश ने इस काम को भी प्रभावित किया है. अब किसानों को खेतों से अतिरिक्त नमी निकलने और जमीन तैयार होने का इंतजार करना पड़ सकता है. राज्य सरकार ने नुकसान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलों से रिपोर्ट मांगी है. आकलन के बाद प्रभावित किसानों को किस तरह की सहायता दी जाएगी, इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. (पीटीआई)

MORE NEWS

Read more!