मिर्जापुर, वाराणसी समेत इन जिलों में बारिश का अलर्ट (Photo Credit-Kisan Tak)उत्तर प्रदेश में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा हैं. यहां कभी ठंड का तो कभी गर्मी का अहसास हो रहा है. बदलते इस मौसम से जुकाम और बुखार के मामले बढ़ते जा रहे हैं. इसी क्रम में आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में अगले 24 घंटे में पूर्वी यूपी में बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर यानी रविवार को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं. इस दौरान पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है. रविवार को बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज और जौनपुर में बारिश हो सकती है. साथ ही संत रविदासनगर, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र में भी बारिश होने के आसार जताए गए है.
इसके अलावा आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया और देवरिया में भी हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं. साथ ही पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. इसके बाद प्रदेश में बारिश होने की संभावनाएं नहीं जताई गई है.
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 29, 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम साफ रहेगा. यही नहीं, अगले महीने की शुरुआत में भी मौसम सूखा ही रहेगा, ऐसी संभावना जताई जा रही है. मेरठ में न्यूनतम तापमान 16℃ तक पहुंच गया है, जबकि नजीबाबाद में 17.4℃, इटावा में 17.6℃, गजीपुर में 19℃, झांसी में 19.1℃ और लखनऊ में 21.6℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है.
सर्दियों की शुरुआत के साथ प्रदेश के कई जिलों का एक्यूआई (AQI) बढ़ने लगा है. यहां वायु प्रदूषण बढ़ने का सबसे अधिक प्रभाव बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ रहा है. प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी वायु गुणवत्ता खराब स्थिति में है. नोएडा से लेकर लखनऊ तक लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है. यूपी के कई जिलों में चल रही सतही हवाओं का लोगों के स्वास्थ्य पर खराब प्रभाव पड़ रहा है. इस बीच बढ़ते डेंगू और मलेरिया के मामलों पर डॉक्टरों ने लोगों को अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखने की सलाह दी है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today