उत्तर भारत में फिर करवट ले रहा मौसम: पश्चिमी विक्षोभ से बारिश‑बर्फबारी, दिल्ली‑NCR में पारा गिरा

उत्तर भारत में फिर करवट ले रहा मौसम: पश्चिमी विक्षोभ से बारिश‑बर्फबारी, दिल्ली‑NCR में पारा गिरा

IMD ने उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी की है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी, जबकि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली‑एनसीआर में हल्की बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है. गुरुवार तक तापमान में 2‑4 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है.

Advertisement
उत्तर भारत में फिर करवट ले रहा मौसम: पश्चिमी विक्षोभ से बारिश‑बर्फबारी, दिल्ली‑NCR में पारा गिराजानें कैसा रहेगा आज का मौसम

भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने बताया है कि उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. उत्तराखंड में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.

आईएमडी ने बताया, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है. वहीं पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर गुजरात में भी गरज-चमक हो सकती है.

20-22 फरवरी को बारिश

20 से 22 फरवरी के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भी बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले दिन तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी. न्यूनतम तापमान में भी गुरुवार को 2 से 4 डिग्री की गिरावट के आसार हैं.

IMD ने बताया कि पूर्वी भारत में अभी तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, उसके बाद हल्की बढ़ोतरी संभव है. महाराष्ट्र और गुजरात में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को तेज हवाओं, ओलावृष्टि और खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले इलाकों और यात्रा के दौरान सावधानी बरतने को कहा गया है.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली है. बुधवार सुबह से दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई. मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि तेज बारिश और हवाओं से तापमान में गिरावट आएगी.

मौसम विभाग की भविष्यवाणी

मौसम विभाग ने गुरुवार तक दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. विभाग ने यह भी कहा है कि पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण यह बदलाव आया है.

फरवरी में असामान्य गर्मी

17 फरवरी को दिल्ली का तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक था, जो फरवरी के लिए असामान्य है. आमतौर पर ऐसा तापमान होली के आसपास देखने को मिलता है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर फरवरी में ही इतनी गर्मी रही, तो होली के समय तापमान और अधिक हो सकता है.

क्या होली तक मौसम रहेगा ठंडा?

मौसम विभाग ने फिलहाल गुरुवार तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. हालांकि, यह कहना मुश्किल है कि यह बदलाव होली तक तापमान को नियंत्रित कर पाएगा.

POST A COMMENT