आज का मौसम (फाइल फोटो)भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में अगले एक हफ्ते तक कोई बड़ा मौसमी बदलाव नहीं होगा. हालांकि, इसी दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी का दौर शुरू होगा. उत्तर-पश्चिम भारत में 6-8 डिग्री सेल्सियस, पूर्वी भारत में 5-7 डिग्री सेल्सियस और मध्य भारत में 3-5 डिग्री सेल्सियसत क तापमान बढ़ने की संभावना है. इसके चलते कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ेगी. वहीं, 13 से 16 अप्रैल के बीच ओडिशा और छत्तीसगढ़ में हीट वेव चलने की आशंका है. इसके अलावा तटीय इलाकों में गर्मी और उमस भरा मौसम भी परेशानी बढ़ाएगा.
मौसम विभाग के मुताबिक, 11 अप्रैल को देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा. उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है. हालांकि, पूर्वोत्तर भारत में मौसम सक्रिय रहेगा, जहां असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
कुछ इलाकों में तेज हवाएं 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 11 अप्रैल को मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है. दिन के समय तेज हवाएं 15-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है. तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, लेकिन दोपहर के समय गर्मी का असर महसूस होगा. वहीं, शाम और रात में हवाएं धीमी हो जाएंगी, जिससे हल्की राहत मिल सकती है.
इस क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गर्मी धीरे-धीरे तेज होगी. 2-3 दिनों बाद यहां तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच सकता है.
हिमाचल प्रदेश में हाल ही में ओलावृष्टि देखने को मिली है, लेकिन आगे मौसम साफ रहने की संभावना है. वहीं, 15 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्का बदलाव संभव है.
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मौसम ज्यादातर शुष्क रहेगा, लेकिन तापमान तेजी से बढ़ेगा. ओडिशा में 13-14 अप्रैल को हीट वेव चलने की संभावना है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर बढ़ेगा, जहां 14 से 16 अप्रैल के बीच लू चल सकती है. इन इलाकों में दिन के समय तापमान काफी ऊंचा जा सकता है.
पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहेगा. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में 10 और 14 अप्रैल को भारी बारिश की चेतावनी है.
दक्षिण भारत के राज्यों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, लेकिन तटीय क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी परेशान करेगी. महाराष्ट्र और गुजरात में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा.
बढ़ती गर्मी को देखते हुए किसानों को फसलों में हल्की सिंचाई बनाए रखने की सलाह दी गई है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में धान, मक्का, दाल और सब्जियों की फसलों में नमी बनाए रखना जरूरी है.
कटाई के बाद फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और तेज हवाओं से बचाने के लिए ढककर रखें. बागवानी फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो.
पशुपालकों को सलाह है कि पशुओं को तेज धूप और गर्मी से बचाकर रखें और उन्हें पर्याप्त पानी और संतुलित आहार दें. चारा और दाना सुरक्षित स्थान पर स्टोर करें, ताकि खराब न हो. बारिश या आंधी के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today