Monsoon Update: अरब सागर, अंडमान-नि‍कोबार के कई हिस्‍सों में आगे बढ़ा मॉनसून, IMD ने दिया ताजा अपडेट

Monsoon Update: अरब सागर, अंडमान-नि‍कोबार के कई हिस्‍सों में आगे बढ़ा मॉनसून, IMD ने दिया ताजा अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने तय समय से पहले रफ्तार पकड़ ली है और अंडमान-निकोबार समेत दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक पहुंच गया है. मौसम विभाग ने केरल में 26 मई के आसपास मॉनसून पहुंचने का अनुमान जताया है. वहीं देश के कई राज्यों में भारी बारिश और उत्तर भारत में भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement
Monsoon Update: अरब सागर, अंडमान-नि‍कोबार के कई हिस्‍सों में आगे बढ़ा मॉनसून, IMD ने दिया ताजा अपडेटमॉनसून अपडेट (फाइल फोटो)

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने तय समय से पहले रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है. 16 मई 2026 को मॉनसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के बड़े हिस्से, पूरे निकोबार द्वीप समूह और अंडमान द्वीपों के कुछ इलाकों तक आगे बढ़ गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, श्री विजय पुरम समेत अंडमान-निकोबार क्षेत्र में पिछले दो दिनों के दौरान व्यापक बारिश, तेज पश्चिमी हवाओं और लगातार सक्रिय बादलों की स्थिति ने मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया. इसी वजह से मॉनसून के आगे बढ़ने के सभी वैज्ञानिक मानक पूरे हो गए हैं.

IMD ने अनुमान जताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है, हालांकि इसमें चार दिन आगे या पीछे होने की संभावना बनी हुई है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में नमी बढ़ने के साथ मॉनसूनी हवाएं लगातार मजबूत हो रही हैं, जिससे अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मॉनसून के और आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी. ऐसा होने पर दक्षिण-पूर्व अरब सागर, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में भी मॉनसून आगे बढ़ सकता है.

देश में दोहरे मौसम का अलर्ट

मॉनसून की इस सक्रियता के बीच देश के मौसम में दोहरी तस्वीर देखने को मिल रही है. एक तरफ पूर्वोत्तर भारत, अंडमान-निकोबार, केरल, तमिलनाडु और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है, वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भीषण से अति भीषण लू का असर कई दिनों तक बना रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून की शुरुआती गतिविधियों के बावजूद उत्तर भारत को अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है.

पूर्वोत्तर-दक्षिण भारत में भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कई दिनों तक तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है.

उत्तर और मध्य भारत में बढ़ेगा लू का प्रकोप

एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है, वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में बना हुआ है. मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है. पश्चिम राजस्थान में 21 और 22 मई को गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है.

पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र के अमरावती में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले चार से पांच दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

दिल्ली-NCR में तेज गर्मी के आसार

मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली-NCR में फिलहाल बारिश की संभावना कम दिखाई दे रही है. 17 मई से 19 मई के बीच आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है, लेकिन गर्मी और तेज हवाओं का असर बना रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है.

मछुआरों, किसानों और लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अरब सागर के कई हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने का खतरा जताया गया है. वहीं, लू प्रभावित राज्यों के लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है.

POST A COMMENT