Monsoon Arrival: केरल में इस तारीख तक दस्तक देगा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, IMD ने की भविष्‍यवाणी

Monsoon Arrival: केरल में इस तारीख तक दस्तक देगा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, IMD ने की भविष्‍यवाणी

Monsoon Entry In Kerala: मॉनसून की एंट्री को लेकर मौसम विभाग ने नई भविष्यवाणी जारी की है. अंडमान सागर में अनुकूल परिस्थितियां बनने लगी हैं, जबकि उत्तर भारत के कई हिस्सों में अभी भी भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा. पढ़ें पूरा अपडेट...

Advertisement
Monsoon Arrival: केरल में इस तारीख तक दस्तक देगा दक्षिण-पश्चिम मॉनसून, IMD ने की भविष्‍यवाणी22 से 30 मई के बीच होगी मॉनसून की एंट्री (सांकेत‍िक तस्‍वीर)

देश में भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है. हालांकि इसमें चार दिन आगे-पीछे होने की संभावना भी जताई गई है यानी 22 मई से 30 मई के बीच किसी भी दिन मॉनसून की एंट्री हो सकती है. इसके साथ ही अगले 24 घंटे में दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं. 

दक्ष‍िण और पूर्वोत्‍तर में बारिश में तेज बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब भी सक्रिय है. इसके प्रभाव से दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं. वहीं, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. 

IMD के मुताबिक केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और लक्षद्वीप में 15 से 18 मई के बीच गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है. केरल और माहे में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी दर्ज हो सकती है. इसके अलावा असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. 

इन इलाकों में मछुआरों के लिए सलाह जारी

मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में मॉनसूनी गतिविधियां मजबूत हो रही हैं. इसी वजह से मछुआरों को 15 से 20 मई के बीच बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, केरल और कर्नाटक तट के कई हिस्सों में समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. 

इन राज्‍यों में भीषण लू चलने का पूर्वानुमान

दूसरी ओर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और विदर्भ समेत कई राज्यों में अगले सप्ताह तक गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान में 18 से 21 मई के दौरान भीषण लू चलने का अनुमान जताया है. दिल्ली-NCR में भी तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 

बीते 24 घंटों में ऐसा रहा मौसम

बीते 24 घंटों के दौरान असम-मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में तेज आंधी और 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चलीं. महाराष्ट्र के अकोला में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा. 

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि भारी बारिश वाले इलाकों में खेतों से पानी निकासी की व्यवस्था रखें, जबकि लू प्रभावित राज्यों में फसलों को हल्की सिंचाई देते रहें. तेज आंधी और बारिश के दौरान कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की भी सलाह दी गई है. 

POST A COMMENT