आज का मौसम (फाइल फोटो)भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने की भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग ने जहां दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में साफ बढ़ोतरी के संकेत दिए है. साथ ही मछुआरों और किसानों के लिए भी सलाह भी जारी की है. आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया के असर से अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 23 से 26 फरवरी के बीच गरज-चमक, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने अपने वेदर बुलेटिन में बताया कि बीते दिन केरल के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. वहीं पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में घने कोहरे की स्थिति रही, जहां विजिबिलिटी 50 से 199 मीटर तक सिमट गई. मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी, श्रीलंका तट, कोमोरिन क्षेत्र, गल्फ ऑफ मन्नार, केरल तट और लक्षद्वीप क्षेत्र में समुद्र में नहीं जाने की सख्त सलाह दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 7 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और उत्तर भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ऊपर रिकॉर्ड किया गया है.
देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक तापमान आंध्र प्रदेश के कर्नूल में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान पंजाब के बठिंडा में 8 डिग्री सेल्सियस रहा. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है.
आईएमडी के अनुसार, 23 फरवरी को ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, तेलंगाना में 23 और 24 फरवरी को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में 23 और 24 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क से आंशिक रूप से साफ रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में 25 फरवरी तक मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. रात और सुबह के समय हल्की धुंध या मिस्ट देखने को मिल सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 3-5 डिग्री अधिक रहेगा. न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़कर 13 से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दोपहर के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-16 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां कम रहेंगी, लेकिन तापमान में लगातार बढ़ोतरी महसूस की जाएगी.
दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें. खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. तेज हवाओं और आंधी को देखते हुए केले, सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा देने की जरूरत है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today