आज का मौसमक्या बसंत बीतने से पहले ही गर्मियों का आगमन हो गया है. उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में सूरज की तपिश अभी से आगामी गर्मी का ट्रेलर दिखा रही है. मौसम विभाग द्वारा जताए गए पूर्वानुमान की मानें तो फरवरी का आखिरी सप्ताह काफी गर्म रहने की संभावना है. राजस्थान में तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है तो दिल्ली और NCR में 32 से 34 डिग्री तक तापमान पहुंचने के आसार हैं. अभी से ही मार्च के अंत जैसी गर्मी महसूस होने लगी है.
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है. ऐसे में मौजूदा अधिकतम तापमान जो 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, उसमें सामान्य सी बढ़ोतरी होने पर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी फरवरी बेहद गर्म होने वाला है.
हालांकि पहाड़ी इलाकों के लिए फिलहाल एक अच्छी खबर है क्योंकि पश्चिम हिमालय क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं जिसके चलते हल्की बर्फबारी ऊंचे इलाकों में तो पहाड़ों के निचले इलाकों में बूंदाबांदी भी हो सकती है. कश्मीर में भी फरवरी के महीने में तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे में बर्फ से ढके पहाड़ों की सफेदी कम हो सकती है. लेकिन 27 फरवरी और 2 मार्च से सक्रिय होने वाले दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते बर्फबारी का दौर एक बार लौट सकता है. इसकी तीव्रता इस बार बेहद कमजोर है.
27 फरवरी से लेकर पांच मार्च तक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की फुल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है. बात अगर उत्तर पश्चिम भारत और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की करें तो अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जबकि सप्ताह के अंत तक इन इलाकों में तापमान पांच डिग्री तक बढ़ सकता है.
सिर्फ दिन ही नहीं गर्मी का असर रातों में भी देखने को मिल रहा है. दिल्ली NCR में ज्यादातर घरों में शाम को अब पंखा चलाने की नौबत आ गई है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी कह रहा है कि अगले 4 दिनों के दौरान मध्य और पूर्वी भारत में रात के समय भी अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक बदलाव हो सकता है. दिल्ली और NCR की अगर बात करें तो 24 तारीख से अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है जो कि सामान्य तीन डिग्री से भी ज्यादा है.
उसके बाद सप्ताह का अंत आते-आते तापमान में सामान्य से पांच डिग्री से भी ज्यादा की बढ़ोतरी हो सकती है जिसके चलते फरवरी का आखिरी सप्ताह बेहद गर्म साबित हो सकता है. इसका अनुभव आमतौर पर मार्च के दूसरे सप्ताह के बाद ही महसूस होता है, लेकिन गर्म मौसम का असर इस बार पहले ही दिखने लगेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today