आज का मौसमदेश में इस समय मॉनसून को कई वेदर सिस्टम प्रभावित कर रहे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर, उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके साथ दक्षिण गुजरात से पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है. वहीं, दक्षिण तेलंगाना से गल्फ ऑफ मन्नार तक भी ट्रफ लाइन सक्रिय है. इन वेदर सिस्टम के बीच 11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है. इसके असर से ओडिशा और आसपास के इलाकों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. 9 सितंबर को ओडिशा, बिहार और झारखंड समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. ओडिशा में 9 सितंबर को भारी बारिश और 10 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट है.
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 9 सितंबर को कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. राज्य में कुछ जगहों पर भारी बारिश का भी अनुमान है. झारखंड में 9 से 11 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. ओडिशा में 9 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 सितंबर को अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 9 सितंबर तक बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर राज्यों में 9 सितंबर को मौसम सक्रिय रहेगा. अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है. अरुणाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश और तेज होने का अनुमान है.
उत्तर-पश्चिम भारत में 9 सितंबर को बारिश मुख्य रूप से कुछ स्थानों तक सीमित रहने की संभावना है. उत्तराखंड में 10 से 14 सितंबर के दौरान बारिश और गरज-चमक के साथ अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 सितंबर को बारिश का दायरा बढ़ने का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में 9 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. दोपहर के बाद हवा की गति कम होने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 9 सितंबर को जगहों स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 10 से 14 सितंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. विदर्भ में भी अगले कुछ दिनों तक कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और कोंकण-गोवा में बारिश का दौर जारी रह सकता है. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है. आगे 12 और 13 सितंबर को गुजरात क्षेत्र और कोंकण-गोवा में भारी बारिश हो सकती है. मध्य महाराष्ट्र में 13 सितंबर को भी भारी बारिश का अनुमान है.
इधर, दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तमिलनाडु-पुडुचेरी में 9 सितंबर को बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चल सकती हैं और झोंकों में इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
तेलंगाना में भी बारिश और तेज हवाओं का असर रहने का अनुमान है. वहीं, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी बारिश का दौर बना रहेगा. केरल और माहे में 10 से 12 सितंबर तथा तटीय कर्नाटक में 10 से 12 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. आगे तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today