आज का मौसम (फाइल फोटो)केरल में बीते दिन दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की आधिकारिक एंट्री हो गई. इसके साथ ही मौसम का पैटर्न तेजी से बदलने लगा है. 4 जून को ही कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश हुई. वहीं, आईएमडी का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों के दौरान दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेगी. इसके लिए विभाग ने अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. केरल, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर बना रह सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में आंधी-तूफान जैसी स्थिति बनने के संकेत हैं.
माैसम विभाग के मुताबिक, 5 जून को पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है. दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो दर्ज सकती हैं.
वहीं, पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बादल, गरज और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश का असर दिख सकता है. वहीं मध्य भारत के मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में तेज हवाओं के साथ अस्थिर मौसम बने रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि जैसी गतिविधियों से भी इनकार नहीं किया गया है.
IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के लिए 5 जून अपेक्षाकृत राहत वाला दिन रह सकता है. दिनभर आसमान सामान्य से अधिक बादलों वाला रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. शाम और रात में भी हल्की वर्षा के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवा चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूरी रखने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने कहा है कि 6 जून से 10 जून के बीच मॉनसून आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं. गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है. वहीं, उत्तराखंड में 6 जून तक बारिश और कुछ स्थानों पर तेज मौसम गतिविधियां बनी रह सकती हैं.
आईएमडी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश और बिहार में 6 जून के बाद तापमान में बढ़ोतरी और कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका है. पश्चिमी भारत में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कई दौर की बारिश देखने को मिल सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत में 6 जून के बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी के संकेत हैं.
कई राज्यों में बारिश के दौर के बीच मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह जारी की है. मौसम विभाग ने कहा है कि जहां भारी बारिश की संभावना है वहां किसान खेतों में जल निकासी की व्यवस्था पहले से तैयार रखें. जिन किसानों ने फसल कटाई कर ली है, वे उपज को खुले में न छोड़ें और तिरपाल से सुरक्षित रखें.
वहीं, तेज हवा वाले क्षेत्रों में सब्जियों, फलदार पौधों और बागवानी फसलों को सहारा देने की सलाह है. इसके अलावा जिन क्षेत्रों में लगातार बारिश का अनुमान है वहां फिलहाल सिंचाई रोकना बेहतर रहेगा. पशुपालक पशुओं को खुले में न रखें और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखें. बिजली और गरज वाले मौसम में खेतों में काम करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today