आज का मौसम (AI Image)देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम सक्रिय बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 सितंबर को गुजरात क्षेत्र में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. गुजरात के कई जिलों में जलभराव और फ्लैश फ्लड का खतरा देखते हुए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी विदर्भ पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है.
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-NCR में 14 सितंबर को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे. सुबह कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. दोपहर से शाम के बीच भी बारिश का एक दौर आने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
15 सितंबर को दिल्ली में सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 16 सितंबर को भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 16-17 सितंबर को बारिश और गरज-चमक बढ़ने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात, कोंकण-गोवा और सौराष्ट्र-कच्छ में 14-15 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. गुजरात में 14 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 16-19 सितंबर के दौरान गुजरात, कोंकण-गोवा और सौराष्ट्र-कच्छ में छिटपुट बारिश का दौर जारी रह सकता है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14-19 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.
इधर, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 सितंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 15-19 सितंबर के दौरान भी कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 14-19 सितंबर तक छिटपुट बारिश हो सकती है. विदर्भ में 14-15 सितंबर को बारिश जारी रहने और 16-19 सितंबर के दौरान कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 14-16 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है.
IMD ने अपने ताजा बुलेटिन में कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 14-17 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. 16-17 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. पूर्वी राजस्थान में 14 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है. वहीं, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15-17 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि ओडिशा में 14 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश और 14-17 सितंबर के बीच कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. बिहार में 14 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश और 15-17 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. झारखंड में 14-19 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है.
गंगीय पश्चिम बंगाल में 14-15 सितंबर को कुछ जगहों पर और 16-19 सितंबर के दौरान कई जगहों पर बारिश का अनुमान है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14-19 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है.
अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा में 14-17 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 14-17 सितंबर और असम-मेघालय में 14-16 सितंबर तक कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 सितंबर को बारिश की संभावना है. 18-19 सितंबर को भी कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के मुताबिक, केरल और माहे में 14-15 सितंबर को कई जगहों पर बारिश और 14-16 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14-16 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 14-16 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और तेलंगाना में 14-19 सितंबर तक अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है. रायलसीमा में भी बारिश का अनुमान है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14 सितंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. लक्षद्वीप में 14-19 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today