देश के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंकागर्मी की लहर से लोगों को राहत दिलाते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. आईएमडी के मुताबिक पूर्वी भारत और आसपास के मध्य भारत के क्षेत्रों में 23 जून से गर्मी की लहर कम होने की संभावना है. साथ ही आईएमडी के अनुसार 24 और 25 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भारी बारिश होने की संभावना है.
मौसम ब्यूरो के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश दो दिनों तक जारी रहने और उसके बाद धीरे-धीरे कम होने की संभावना है. इस बीच, असम में बाढ़ की स्थिति बुधवार को भी गंभीर बनी रही, बाढ़ से 20 जिलों में लगभग 1.20 लाख लोग प्रभावित हुए.
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह दिल्ली के पालम समेत कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई. फिलहाल आसमान में बादल छाये हुए हैं. आईएमडी का कहना है कि कुछ इलाकों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक उमस भरी गर्मी रहेगी और तापमान भी 40 डिग्री के आसपास रहेगा. 25 और 26 को फिर बारिश होने की उम्मीद है. जिस वजह से इस महीने भी दिल्ली में लू चलने की संभावना नहीं है. यानि लोगों को गर्म हवा से राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें: World Rainforest Day: क्या होते हैं वर्षावन, क्यों मनाया जाता है वर्षावन दिवस, पढ़ें पूरी डिटेल
पिछले 24 घंटों के दौरान, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हुई है. मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हुई. उत्तराखंड, पूर्वोत्तर भारत, बिहार के कुछ हिस्सों, झारखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा उत्तर पूर्व राजस्थान, तटीय कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, रायलसीमा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश हुई. दिल्ली एनसीआर, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश हुई. विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और ओडिशा में लू और प्रचंड लू चली. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में एक या दो स्थानों पर गर्म हवाएं चलीं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today