बंगाल की खाड़ी में बिगड़ेगा मौसम! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

बंगाल की खाड़ी में बिगड़ेगा मौसम! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

22 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम और मजबूत हो सकता है. ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है. दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और तापमान 34-36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

Advertisement
बंगाल की खाड़ी में बिगड़ेगा मौसम! कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD का ताजा अपडेटआज का मौसम (AI Image)

बंगाल की खाड़ी में बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अगले कुछ घंटों में डिप्रेशन और उसके बाद डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके असर से 22 सितंबर से समुद्री इलाकों में तेज हवाओं और खराब समुद्री परिस्थितियों का दौर बढ़ेगा. बाद में यह सिस्‍टम 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के पास पहुंच सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 22 सितंबर को ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा बना हुआ है.  तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश बढ़ने की संभावना है और 22 सितंबर को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 23-24 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा है. ओडिशा में 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

IMD के अनुसार, उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में 22 सितंबर को मौसम में बड़ी हलचल की संभावना नहीं है. पूर्वी राजस्थान में 21-22 सितंबर के दौरान अलग-अलग जगहों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 24-27 सितंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23-24 सितंबर और 27 सितंबर को बारिश की संभावना है. उत्तराखंड में भी 21-25 सितंबर के दौरान छिटपुट बारिश का अनुमान है. 

दिल्ली में साफ रहेगा आसमान

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 22 सितंबर को मुख्य रूप से आसमान साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि दोपहर में उत्तर-पूर्वी हवाएं 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. 

उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर आगे बढ़ेगा

उत्तर प्रदेश में 22 सितंबर को व्यापक बारिश का संकेत नहीं है, लेकिन अगले दिनों में मौसम बदलेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23-24 सितंबर और फिर 27 सितंबर को छिटपुट बारिश हो सकती है. 24 सितंबर से गरज-चमक की गतिविधि बढ़ने की संभावना है, जबकि 25-26 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25-27 सितंबर के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. 26-27 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. 

मध्य भारत में बढ़ेगा बारिश का असर!

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने वाला है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 23-24 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है, जबकि 25-26 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 23 सितंबर और 25-26 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. 24 सितंबर को छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट है. 

इन राज्यों में सक्रिय रहेगा मॉनसूनी सिस्टम

उधर, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 22-27 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश हो सकती है. झारखंड में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि बिहार में 24-25 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय में 22-23 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है. 

महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण और गोवा में 22-24 सितंबर के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है और 22-23 सितंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र में 22-23 सितंबर को व्यापक बारिश की संभावना है. मराठवाड़ा में 23 सितंबर को बारिश का दौर तेज हो सकता है. गुजरात क्षेत्र में भी 21-27 सितंबर के दौरान छिटपुट से कुछ जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है.

POST A COMMENT