भारी बारिश का अलर्टउत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे इलाकों में बने लो प्रेशर का असर 27 सितंबर को भी कई राज्यों के मौसम पर देखने को मिलेगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, इस सिस्टम के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 सितंबर को कई जगह बारिश होने की संभावना है. वहीं, 27 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में भी कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है. ऐसे में आइए जानते हैं आज के मौसम का हाल.
27 सितंबर को मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, छत्तीसगढ़ में 27 से 28 सितंबर के बीच कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ यह 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है.
बिहार में 27 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की या छिटपुट बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में 27 सितंबर से बारिश का दौर जारी रह सकता है. 27 सितंबर को झारखंड में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. वहीं, बिहार और नेपाल में हो रही लगातार बारिश से कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं.
दिल्ली-NCR में 27 सितंबर को मौसम बदला हुआ रह सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में 27 सितंबर के दौरान कई जगह बारिश की संभावना जताई है. साथ ही कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने और झोंकों के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक जाने की संभावना है. ऐसे में दिल्ली-NCR में दिनभर बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश में 27 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी यूपी में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. भारी बारिश के अलर्ट के बाद सरकार ने कई जिलों में प्रशासन को अलर्ट मोड़ पर रखा है. साथ ही कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए स्कूल बंद कर दिया गया है.
दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा. केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, रायलसीमा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 27 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है. तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है. 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में बारिश बढ़ सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है. इसके बाद अगले 12 घंटे में यह धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल सकता है. हालांकि, इसके कमजोर होने के बावजूद इससे जुड़े मौसम का असर कई इलाकों में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है.
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का यह दौर खेतों पर भी असर डाल सकता है. खासकर जहां फसलें खेत में खड़ी हैं या कटाई से जुड़ा काम चल रहा है, वहां किसानों को मौसम को देखते हुए काम की योजना बनाने की जरूरत है. 27 सितंबर को कुछ इलाकों में तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए खेतों में जरूरी सावधानी बरतना बेहतर रहेगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today