
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. कुछ दिनों की देरी के बाद मॉनसून ने गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जिसके चलते कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में मॉनसून की गतिविधियां और तेज रहेंगी. साथ ही अधिकांश जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान में सक्रिय मॉनसूनी सिस्टम के कारण प्रदेश के पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में व्यापक बारिश का दौर जारी रहेगा. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
3 जुलाई (शुक्रवार) को मौसम विभाग ने हरदा और खंडवा जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 204.5 मिमी से अधिक यानी अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार तेज बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है.
शुक्रवार के लिए धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, बुरहानपुर और बैतूल जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
मौसम विभाग ने रायसेन, नर्मदापुरम, रतलाम, मंदसौर, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर और मंडला सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम खराब रहने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है.
गुरुवार को मौसम विभाग ने शाजापुर, राजगढ़, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. इन जिलों में बहुत भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई थी. कई स्थानों पर अच्छी बारिश भी दर्ज की गई.
शनिवार (4 जुलाई) को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने धार, बड़वानी और खरगोन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए 204.5 मिमी से अधिक बारिश का अनुमान लगाया है. वहीं झाबुआ, अलीराजपुर और बुरहानपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 115.6 से 204.4 मिमी तक भारी वर्षा हो सकती है. इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, खंडवा, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. पूरे प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.
लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है. वहीं प्रशासन को भी संभावित जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today