रायतु भरोसा योजना तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी 20 अप्रैल को किसानों के लिए बड़ी राहत देने जा रहे हैं. वह ‘रायतु भरोसा योजना’ के तहत 5,653 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी करेंगे. इस योजना से राज्य के 45 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा मिलेगा. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री जयशंकर भूपालपल्ली जिले के कटारम में एक जनसभा के दौरान दूसरी किस्त जारी करेंगे. इससे पहले 22 मार्च को रेवंत रेड्डी ने घोषणा की थी कि ‘रायतु भरोसा’ योजना के तहत 9,000 करोड़ रुपये 45 दिनों के भीतर 70 लाख किसानों के खातों में तीन किस्तों में भेजे जाएंगे.
पहले चरण में किसानों के बैंक खातों में 3,590 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं. अब दूसरी किस्त जारी की जा रही है और तीसरी किस्त भी जल्द जारी होगी. इस योजना के तहत तेलंगाना सरकार किसानों को हर साल प्रति एकड़ 12,000 रुपये आर्थिक सहायता देती है.
रायतु भरोसा योजना तेलंगाना सरकार की एक किसान सहायता योजना है, जिसका उद्देश्य किसानों को खेती के खर्च के लिए आर्थिक मदद देना है. इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में पैसा देती है, ताकि वे बीज, खाद, कीटनाशक और अन्य कृषि जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें. वहीं, इस योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें खेती के लिए आर्थिक सुरक्षा देना है. इससे किसानों को साहूकारों या महंगे कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today