मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर से प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देंगे. मुख्यमंत्री बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं चक्रवात से प्रभावित प्रदेश भर के 9 लाख से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से 493 करोड़ रुपए की कृषि निवेश अनुदान राशि भेजेंगे. यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित होगा. इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही की उपस्थिति रहेगी.
हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़ और बेमौसम बारिश की वजह से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था. किसानों के नुकसान की भरपाई करने और उनके खेतों-खलिहानों में खुशहाली लौटाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खुद डीबीटी प्रणाली के जरिए एक क्लिक से सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजेंगे.
योगी सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और सहायता वितरण की पूरी प्रक्रिया में तेजी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बरती जाए. प्रभावित किसानों को समय पर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि आमजन के जीवन की आधारशिला हैं. इसलिए सभी अधिकारी किसान हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें.
राहत आयुक्त के मुताबिक, प्रभावित लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए प्रदेश में 1,589 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं. इसके अलावा 1,263 बाढ़ शेल्टर कैंप बनाए गए हैं. इनमें से 41 कैंप फिलहाल इस्तेमाल में हैं, जहां 1,045 लोग रह रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्रशासन को नदियों के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही नाव, मोटरबोट, बचाव दल और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है.
बता दें कि राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों और अपर जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा करते हुए 12 अक्टूबर तक राहत पोर्टल पर डिजिटल क्रॉप सर्वे के अनुसार फसल क्षति की फीडिंग पूरी करने के निर्देश दिए थे.
ये भी पढ़ें-
UP News: SHG से बदली बाराबंकी की इन महिलाओं की जिंदगी, हर महीने हो रही अच्छी कमाई
अयोध्या की ‘सोलर दीदियों’ ने बदली अपनी जिंदगी, हर महीने कमा रहीं 30 हजार रुपये
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today