मधुबनी और दरभंगा चीनी मिलों के लिए सदस्यता पोर्टल लॉन्च, 30 जुलाई तक करें आवेदन

मधुबनी और दरभंगा चीनी मिलों के लिए सदस्यता पोर्टल लॉन्च, 30 जुलाई तक करें आवेदन

बिहार सरकार मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम में सहकारी चीनी मिलों को शुरू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. किसानों की प्राथमिक सदस्यता के लिए ई-सहकारी वेब पोर्टल लॉन्च किया गया है. दोनों चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र के 2401 गांवों के पात्र किसान 30 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के सदस्य बन सकते हैं.

Advertisement
मधुबनी और दरभंगा चीनी मिलों के लिए सदस्यता पोर्टल लॉन्च, 30 जुलाई तक करें आवेदनचालू होंगी बंद चीनी मिलें

बिहार सरकार मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम में सहकारी चीनी मिलों को शुरू करने को लेकर काम तेजी से कर रही है. वहीं, अब इन चीनी मिलों की प्राथमिक सदस्यता के लिए विकसित ऑनलाइन वेब पोर्टल की भी शुरुआत कर दी गई है. गुरुवार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सहकारी चीनी मिलों के स्तर पर गठित होने वाली प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समितियों की सदस्यता के लिए विकसित ऑनलाइन वेब पोर्टल की शुरुआत की. दोनों चीनी मिलों के लिए शामिल किए गए 2401 गांवों के लोग सदस्यता के लिए 30 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं.

एक परिवार से एक व्यक्ति करेगा आवेदन

मधुबनी के सकरी और दरभंगा के रैयाम, दोनों चीनी मिलों की स्थापना को लेकर राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लि., नई दिल्ली डीपीआर विभाग को भेज चुका है. वहीं, इन दोनों चीनी मिलों की सदस्यता के लिए किसान विकसित वेब पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. हालांकि, एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति आवेदन कर सकता है. आवेदन करने वाले सदस्य की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए और वह संबंधित आयोजन क्षेत्र का निवासी और गन्ना उत्पादक या आगामी दो पेराई मौसमों में गन्ना उत्पादन के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए. इसके साथ ही सामान्य श्रेणी के किसानों के लिए न्यूनतम 100 डिसमिल और आरक्षित श्रेणी और महिला किसानों के लिए 50 डिसमिल भूमि पर गन्ना उत्पादन या उत्पादन की प्रतिबद्धता जरूरी है.

प्राथमिक सदस्यता के लिए यहां करें आवेदन

सहकारिता विभाग द्वारा विकसित वेब पोर्टल https://esahkari.bihar.gov.in/coop/Sugarcane पर जाकर इच्छुक पात्र किसान ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से किसान प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति के सदस्य बन सकते हैं. समिति के सदस्य बनने वाले किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए जरूरी कृषि आदानों की उपलब्धता, तकनीकी मार्गदर्शन, मिट्टी परीक्षण, कृषि और गन्ना विकास से संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ, राज्य सरकार की नीति के अनुरूप गन्ने की खरीद और गन्ना मूल्य भुगतान में पारदर्शिता जैसी सुविधाएं भी समिति के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी.

आवेदन की आखिरी दिन जुलाई की आखिरी तारीख

गन्ना उद्योग विभाग द्वारा रैयाम प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र अंतर्गत कुल 1018 ग्राम और सकरी प्राथमिक चीनी मिल सहकारी समिति (प्रस्तावित) के कार्यक्षेत्र अंतर्गत कुल 1383 गांव शामिल किए गए हैं. आवेदन प्रक्रिया में सहायता के लिए संबंधित प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और गठित ऑर्गेनाइजर कमेटी से भी संपर्क किया जा सकता है. सदस्यता आवेदन की अंतिम तिथि 30 जुलाई, 2026 तय की गई है.

POST A COMMENT