दिल्ली में आज किसानों की महारैली, ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट, इन इलाकों में लग सकता है लंबा जाम

दिल्ली में आज किसानों की महारैली, ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट, इन इलाकों में लग सकता है लंबा जाम

दिल्ली के किसान घाट पर आज किसानों की महारैली आयोजित की जा रही है. रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कई मार्गों पर डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध की जानकारी दी है. जानें कौन-कौन से रास्ते प्रभावित रहेंगे, किन मार्गों से बचना होगा और किसानों की इस रैली की पूरी वजह.

Advertisement
दिल्ली में आज किसानों की महारैली, ट्रैफिक पुलिस का अलर्ट, इन इलाकों में लग सकता है लंबा जामघर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी (Photo- ITG)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को किसान संगठनों की ओर से एक बड़ी रैली का आयोजन किया जा रहा है. यह रैली नई दिल्ली स्थित किसान घाट पर होगी, जिसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से हजारों किसानों के शामिल होने की संभावना है. रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस का कहना है कि सुबह 8:30 बजे से जरूरत के अनुसार कई जगहों पर यातायात प्रतिबंध और मार्गों का डायवर्जन किया जा सकता है. ऐसे में अगर आप आज दिल्ली में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें.

इन रास्तों पर बढ़ सकता है ट्रैफिक का दबाव

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार किसान घाट के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. इनमें सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड और इनसे जुड़े आसपास के इलाके शामिल हैं. रैली के दौरान इन मार्गों पर भारी भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है. इसलिए आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे इन रास्तों से बचें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें.

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री रखें खास ध्यान

यदि आपको आज दिल्ली एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन या किसी अन्य रेलवे स्टेशन जाना है, तो समय से पहले घर से निकलें. ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि रैली के कारण कई जगहों पर वाहनों की गति धीमी हो सकती है और जाम लग सकता है. ऐसे में अंतिम समय पर निकलने से आपकी ट्रेन या फ्लाइट छूट सकती है. इसलिए यात्रा की योजना पहले से बनाना ही बेहतर रहेगा.

पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील की

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें. साथ ही, रीयल-टाइम ट्रैफिक की जानकारी के लिए गूगल मैप्स या अन्य नेविगेशन ऐप का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है. पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही शहर में यातायात को सुचारु और सुरक्षित रखा जा सकता है.

क्यों हो रही है किसानों की यह महारैली?

इस रैली का आह्वान किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने किया है. उन्होंने देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले किसान घाट पर मेगा रैली आयोजित करने की घोषणा की थी. किसान संगठनों का कहना है कि इस रैली में शामिल होने के लिए पंजाब से सैकड़ों बसों के जरिए हजारों किसान दिल्ली पहुंचेंगे. प्रदर्शन में हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों के किसान भी शामिल होंगे.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसानों का प्रदर्शन

किसान मजदूर मोर्चा (KMM), संयुक्त किसान मोर्चा (SKM), भारतीय किसान यूनियन (एकता संघर्ष) और कई अन्य किसान संगठन इस रैली के जरिए भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) का विरोध कर रहे हैं. किसानों का कहना है कि यदि यह समझौता मौजूदा स्वरूप में लागू हुआ तो इसका सीधा असर भारतीय कृषि और किसानों की आय पर पड़ सकता है. उनका मानना है कि इससे विदेशी कृषि उत्पादों की भारत में एंट्री आसान होगी, जिससे घरेलू किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है.

शाम 4 बजे तक चलेगा प्रदर्शन

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने देशभर के किसानों, मजदूरों और युवाओं से इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. आयोजकों के अनुसार, किसान घाट पर शुरू होने वाला यह प्रदर्शन शाम 4 बजे तक चलेगा. इसी वजह से दिनभर दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है. ऐसे में यदि आपका इन क्षेत्रों से होकर गुजरने का कार्यक्रम है, तो पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाना आपके लिए सुविधाजनक रहेगा.

ये भी पढ़ें: 

बाढ़ हो या सूखा किसानों को नहीं होगी खेती में कोई दिक्कत, CM योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
रेज्ड बेड प्लांटर तकनीक से बदली सोयाबीन की किस्मत! किसान उपदेश शर्मा ने 3 बीघा में कमाया ₹1 लाख का शुद्ध मुनाफा

POST A COMMENT