गुजरात के कारोबारी ने मां के सम्‍मान में खरीदा दुनिया का सबसे महंगा आम, चुकाई इतने लाख कीमत

गुजरात के कारोबारी ने मां के सम्‍मान में खरीदा दुनिया का सबसे महंगा आम, चुकाई इतने लाख कीमत

दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम की खेती करने वाले सहारनपुर के किसान संदीप चौधरी ने नई मिसाल कायम की है. उनके चार आम लाखों रुपये में बिके हैं. किसान ने कहा कि इस बिक्री से मिली राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा वह गरीबों की मदद में खर्च करेंगे.

Advertisement
गुजरात के कारोबारी ने मां के सम्‍मान में खरीदा दुनिया का सबसे महंगा आम, चुकाई इतने लाख कीमतसहारनपुर के किसान संदीप चौधरी ने 2.11 लाख में बेचे 4 मियाजाकी आम

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के किसान संदीप चौधरी ने दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिने जाने वाले मियाजाकी आम बेचकर नई मिसाल पेश की है. उनके बाग के सिर्फ चार मियाजाकी आम (करीब एक किलोग्राम) गुजरात के सूरत के कारोबारी प्रवीण गुप्ता ने 2.11 लाख रुपये में खरीदे हैं. बताया जा रहा है कि भारत में पहली बार मियाजाकी आम के लिए इतनी बड़ी रकम का सौदा हुआ है.

पहले 3.50 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा

खास बात यह है कि कारोबारी ने ये आम अपनी मां के नाम पर खरीदे हैं. किसान संदीप चौधरी ने बताया कि शुरुआत में इस सौदे की कीमत 3.50 लाख रुपये तय हुई थी. हालांकि, जब उन्हें पता चला कि खरीदार अपनी मां के सम्मान में ये आम खरीदना चाहते हैं तो उन्होंने कीमत घटाकर 2.11 लाख रुपये कर दी.

किसान को 1.11 लाख रुपये एडवांस मिला

किसान ने बताया कि उन्‍हें सौदे के तहत 1.11 लाख रुपये की राशि ऑनलाइन मिल चुकी है, जबकि बाकी 1 लाख रुपये की रकम उन्‍हें 1 अगस्त को आम की डिलीवरी के समय मिलेगी. उन्होंने बताया कि पिछले साल भी प्रवीण गुप्ता मियाजाकी आम खरीदना चाहते थे, लेकिन उस समय उन्होंने अपने बाग के आम मुख्यमंत्री को भेज दिए थे.

तीन साल पहले शुरू की थी मियाजाकी आम की खेती

संदीप चौधरी ने बताया कि उन्होंने तीन साल पहले मियाजाकी आम की खेती शुरू की थी. उनका उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ ऐसी उच्च मूल्य वाली फसलों की ओर प्रेरित करना था, जिनसे आय बढ़ाई जा सके. उन्होंने कहा कि शुरुआत में कई लोगों ने उनका मजाक उड़ाया और कहा कि आम लाखों रुपये में नहीं बिक सकते, लेकिन आज उनकी मेहनत रंग लाई है.

मियाजाकी आम की क्‍या है खास‍ियत? 

उन्होंने यह भी घोषणा की कि इस बिक्री से मिलने वाली राशि का 10 प्रतिशत हिस्सा गरीबों की मदद के लिए खर्च करेंगे. वर्तमान में उनके बाग में मियाजाकी आम के करीब 40 पेड़ हैं. मियाजाकी आम अपनी लाल-बैंगनी रंगत, खास स्वाद और पोषक गुणों के कारण दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल है. इसमें सामान्य आमों की तुलना में ज्‍यादा मात्रा में विटामिन-ए, विटामिन-सी, बीटा-कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं.

संदीप चौधरी ने अन्‍य किसानों से की यह अपील

किसान संदीप चौधरी ने अन्य किसानों से भी नई और उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती अपनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती के साथ ऑर्गेनिक और विशेष किस्म की फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में अच्छी बढ़ोतरी कर सकते हैं.

POST A COMMENT