बिहार की नर्सरियों को मिलेगी नई पहचान, किसानों के लिए सरकार की बड़ी तैयारी

बिहार की नर्सरियों को मिलेगी नई पहचान, किसानों के लिए सरकार की बड़ी तैयारी

बिहार सरकार राज्य के नर्सरी उद्योग को आधुनिक और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नर्सरी संचालकों के साथ बैठक कर गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, डिजिटल तकनीक और आधुनिक प्रबंधन को बढ़ावा देने पर जोर दिया.

Advertisement
बिहार की नर्सरियों को मिलेगी नई पहचान, किसानों के लिए सरकार की बड़ी तैयारीनर्सरियों को मिलेगी नई पहचान

बिहार कृषि विभाग राज्य के नर्सरी उद्योग को आधुनिक और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने जा रहा है. जिसको लेकर बीते दिनों  कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य के नर्सरी संचालकों और उद्यमियों के साथ अहम बैठक की, जहां उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार की नर्सरियों को केवल पौध उत्पादन का केंद्र नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, उद्यमिता, हरित अर्थव्यवस्था और किसानों की कमाई को बढ़ाने का मजबूत आधार बनाना चाहती है. बागवानी के क्षेत्र में बिहार के पास असीम संभावनाएं हैं और यदि क्वालिटी वाले पौध उत्पादन और आधुनिक प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाए, तो बिहार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बना सकता है.

बैठक में नर्सरी उद्योग को बढ़ावा

बिहार में नर्सरी उद्योग को किस तरह से विकसित किया जाए और कैसे इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए, इसको लेकर आयोजित बैठक में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मुख्य रूप से गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के विस्तार, प्रमाणन व्यवस्था और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की. बता दें कि बिहार की नर्सरियां आज भी पौधों को लेकर विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता पर निर्भर हैं.

डिजिटल तकनीक का हो अधिक उपयोग

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, आधुनिक नर्सरी प्रबंधन और बागवानी नवाचार का राष्ट्रीय हब बनाना है. इसके लिए सरकार की ओर से नर्सरी क्षेत्र में डिजिटल तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग, स्व-प्रमाणीकरण आधारित पारदर्शी व्यवस्था, प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन, नियमित प्रशिक्षण, वैज्ञानिक प्रबंधन और समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. जिससे राज्य के किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौधे ही उपलब्ध नहीं होंगे, बल्कि उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ेगा और बिहार की नर्सरियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी विश्वसनीयता मिलेगी.

नर्सरी संचालकों ने बताया समस्या

बैठक के दौरान जहां कृषि मंत्री ने राज्य में नर्सरी उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए कई तरह की कार्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की, वहीं बैठक के दौरान नर्सरी संचालकों और अन्य हितधारकों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा. वहीं, मंत्री ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार किसानों और हितधारकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखेगी तथा उनके सहयोग से बिहार के नर्सरी क्षेत्र को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी.

POST A COMMENT