5 साल की उम्र में लगाए हजारों पेड़, शिवराज सिंह ने दिया इनाम, जानें कौन है ये बच्चा; क्या है कहानी

5 साल की उम्र में लगाए हजारों पेड़, शिवराज सिंह ने दिया इनाम, जानें कौन है ये बच्चा; क्या है कहानी

महज 5 साल की उम्र में एक लड़के ने ऐसा काम कर दिखाया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. अब तक 1,455 पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने वाले इस नन्हे पर्यावरण प्रेमी को कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित किया और 10 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया. आइए जानते हैं इस बच्चे की कहानी.

Advertisement
5 साल की उम्र में लगाए हजारों पेड़, शिवराज सिंह ने दिया इनाम, जानें कौन है ये बच्चा; क्या है कहानी5 साल की उम्र में कर दिखाया कमाल

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले कई अभियान देशभर में चलाए जा रहे हैं, लेकिन हरियाणा के पंचकूला में रहने वाले महज पांच साल के रुद्रांश उपाध्याय ने अपनी अनोखी पहल से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है. इतनी छोटी उम्र में हजारों पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने वाले रुद्रांश को केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सम्मानित किया और इनाम दिए. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले रुद्रांश उपाध्याय अभी अपने परिवार के साथ पंचकूला में रहते हैं. उनके पिता ज्ञानेंद्र उपाध्याय भारतीय सेना में कार्यरत हैं. रुद्रांश को नई दिल्ली में आयोजित 'वृक्ष मित्र कार्यक्रम' में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने शिवराज सिंह चौहान के साथ पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया.

5 साल के रुद्रांश ने लगाया 1,455 पौधे

कार्यक्रम के दौरान रुद्रांश ने बताया कि अब तक उन्होंने कुल 1,455 पौधे लगाए हैं. इनमें से 1,427 पौधे आज भी सुरक्षित और जीवित हैं, जो उनकी मेहनत और नियमित देखभाल का प्रमाण है.  उन्होंने ज्यादातर पौधे पंचकूला, चंडीगढ़ और चंडीमंदिर छावनी क्षेत्र में लगाए हैं. रुद्रांश ने बताया कि वे हर रविवार कम से कम सात नए पौधे जरूर लगाते हैं. सिर्फ पौधे लगाना ही उनका उद्देश्य नहीं है, बल्कि वे समय-समय पर उनकी बढ़वार, सिंचाई और देखभाल भी करते हैं ताकि पौधे स्वस्थ रह सकें.

रुद्रांश को मिला 10,000 रुपये का इनाम

उनकी एक और खास बात यह है कि उन्होंने अपने पौधरोपण अभियान का पूरा डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया है. इस रिकॉर्ड में हर पौधे की लोकेशन, उसकी प्रजाति और वर्तमान स्थिति की जानकारी दर्ज है. इससे यह पता चलता है कि उन्होंने किस जगह कौन-सा पौधा लगाया और उसकी देखभाल किस तरह की जा रही है. रुद्रांश की इस अनोखी पहल से प्रभावित होकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें एक पौधा भेंट किया और 10,000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया. उन्होंने रुद्रांश की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है और बच्चों को प्रकृति से जोड़ने का संदेश देती है.

देशभर के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं रुद्रांश

इस कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. सभी ने इतनी कम उम्र में रुद्रांश के समर्पण और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि रुद्रांश देशभर के बच्चों के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं. महज पांच साल और दो महीने की उम्र में रुद्रांश ने 'रुद्रांश ग्रीन मिशन' की शुरुआत की है. इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. उनकी यह पहल दिखाती है कि अगर संकल्प मजबूत हो, तो उम्र कभी भी अच्छे काम की राह में बाधा नहीं बनती. (PTI)

POST A COMMENT