उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा कृषि राज्य हैउत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने राज्य को बीज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है. इसी क्रम में राजधानी लखनऊ के मलीहाबाद तहसील स्थित राजकीय कृषि प्रक्षेत्र, अटारी में 'भारत रत्न चौधरी चरण सिंह सीड पार्क' बनाने का काम आगे बढ़ गया है. इसके लिए कृषि विभाग ने जरूरी जमीन जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभाग की ओर से आम लोगों और किसानों की जानकारी के लिए एक सार्वजनिक सूचना जारी की गई है, जिसके तहत आपसी सहमति से कुल 3.6344 हेक्टेयर जमीन खरीदी या अधिग्रहित की जाएगी.
अपर कृषि निदेशक (बीज एवं प्रक्षेत्र) डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए मलीहाबाद तहसील के शाहमऊ, रुदानखेड़ा, अटारी और पाराभदराही (सूची में शामिल नौबस्ता गांव सहित) की जमीन ली जानी है. इन गांवों के कुल 46 गाटा नंबरों (कुल रकबा 16.0700 हेक्टेयर) में से 3.6344 हेक्टेयर जमीन सीड पार्क के लिए तय की गई है.
उन्होंने बताया कि जमीन के नंबर, क्षेत्रफल और खातेदारों के नाम की पूरी सूची स्थानीय अखबारों में छपवाई जा रही है, ताकि सभी को इसकी स्पष्ट जानकारी मिल सके. वहीं, कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जारी की गई सूची में दर्ज खातेदारों के अलावा यदि किसी अन्य व्यक्ति का इस जमीन पर कोई हक या आपत्ति है, तो वह सूचना छपने के 10 दिन के भीतर अपने सबूतों के साथ लिखित दावा पेश कर सकता है.
लोग अपना दावा या आपत्ति मदनमोहन मालवीय मार्ग स्थित कृषि भवन के प्रथम तल (कक्ष संख्या-54) में अपर कृषि निदेशक (बीज एवं प्रक्षेत्र) के कार्यालय या फिर लखनऊ कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (भू-अध्याप्ति) के कार्यालय में जमा कर सकते हैं. सीड पार्क के माध्यम से बीज उत्पादन, प्रोसेसिंग, भंडारण, स्पीड ब्रीडिंग व हाइब्रिड लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा कृषि राज्य है, जहां कुल 162 लाख हेक्टेयर जमीन पर खेती होती है. हर साल करीब 139.43 लाख क्विंटल बीज की जरूरत होती है, लेकिन अभी इसकी पूरी आपूर्ति के लिए यूपी को दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता है. अब सीड पार्क बनने से यह निर्भरता खत्म हो जाएगी और किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज आसानी से और सही दामों पर मिल सकेंगे.
ये भी पढ़ें-
मटर की इस उन्नतशील प्रजातियों से बंपर होगी पैदावार, UP में किसानों को अनुदान पर मिलेगा बीज
Weather Update: दक्षिण भारत के इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में ऐसा रहेगा मौसम
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today