पारादीप में IFFCO के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का लोकार्पण करेंगे अमित शाह, 6 मार्च को कई परियोजनाओं की होगी शुरुआत

पारादीप में IFFCO के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का लोकार्पण करेंगे अमित शाह, 6 मार्च को कई परियोजनाओं की होगी शुरुआत

ओडिशा दौरे पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं. पारादीप में इफको का सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जबकि भुवनेश्वर में सहकारिता, डेयरी और डिजिटल पहल से जुड़े कई अहम कार्यक्रम होंगे.

Advertisement
पारादीप में IFFCO के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का लोकार्पण करेंगे अमित शाह, 6 मार्च को कई परियोजनाओं की होगी शुरुआतकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (File Photo- PTI)

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 6 मार्च को ओडिशा के दौरे पर कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इस दौरान वह पारादीप में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड (इफको) के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट SAP-III को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. सरकार के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में सहकारिता, डेयरी और प्रशासनिक ढांचे से जुड़ी कई पहलों को भी आगे बढ़ाया जाएगा. 

भुवनेश्‍वर में योजनाओं का शुभारंभ करेंगे अम‍ित शाह

एक सरकारी बयान के मुताबिक, पारादीप में होने वाले कार्यक्रम के बाद अमित शाह भुवनेश्वर में सहकारिता क्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करेंगे. भुवनेश्वर के आईडीसीओ प्रदर्शनी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सहकारिता नीति का विमोचन किया जाएगा. साथ ही त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के स्कूल की स्थापना और बदाम्बा चीनी उद्योग के पुनर्जीवन के लिए समझौता-ज्ञापनों पर हस्ताक्षर होंगे.

डिजिटल पोर्टल होगा लॉन्‍च

इसके अलावा PACS और LAMPS के माध्यम से संचालित 1567 कॉमन सर्विस सेंटरों को समर्पित किया जाएगा. कार्यक्रम में सहकारिता तंत्र को मजबूत करने के लिए 141 PACS के लिए आवश्यकता आधारित अवसंरचना का वर्चुअल उद्घाटन भी किया जाएगा.

इसी के साथ आरसीएस कार्यालय पोर्टल की शुरुआत, राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक लिमिटेड के डायरेक्ट टू कंज्यूमर D2C पोर्टल का डिजिटल लॉन्च और राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड द्वारा विकसित ‘Coop Marque’ और ‘Savidya’ एआई आधारित बहुभाषी डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म की भी शुरुआत होगी.

कामधेनु योजना के लाभार्थि‍यों को सब्सिडी होगी जारी

डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ओएमफेड से जुड़ी पहलों की जानकारी भी दी जाएगी. इस दौरान दो दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को पंजीकरण प्रमाणपत्र सौंपे जाएंगे. मुख्यमंत्री कामधेनु योजना के तहत लाभार्थियों को अनुदान जारी किया जाएगा और प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र के उन्नयन के लिए एनडीडीबी के साथ समझौता-ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की वीडियो प्रस्तुति भी दिखाई जाएगी. इसके साथ ही कुल 1159.03 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 परियोजनाओं का उद्घाटन और 2116.06 करोड़ रुपये की लागत वाली 130 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा.

POST A COMMENT