तेज हवा-बारिश से फसलों पर संकट (AI- तसवीर)महाराष्ट्र के अकोला और अमरावती में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी. तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था, जिससे ये इलाके प्रदेश के सबसे गर्म क्षेत्रों में शामिल हो गए थे. लेकिन एक दो दिन के बीच मौसम अचानक बदल गया. तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली. हालांकि, इस बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि तेज हवा और बारिश से फसलों को नुकसान होने का डर है.
अकोला जिले के मूर्तिजापुर तहसील सहित शहर के कई हिस्सों में अचानक तेज हवा चली. हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि पेड़ों पर लगे आम और सब्जी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. खासतौर पर आम और सब्जी फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना किसानों ने व्यक्त की है. खेतों में खड़ी सब्जियों पर तेज हवा और बारिश का सीधा असर देखा गया.
वहीं, अमरावती जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवा के साथ बारिश ने दस्तक दी. भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को इससे कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों के लिए यह मौसम बदलाव नुकसानदायक साबित हो सकता है. इस संबंध में अकोला और अमरावती के आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने बताया कि फिलहाल बड़े पैमाने पर नुकसान की कोई आधिकारिक रिपोर्ट सामने नहीं आई है. हालांकि तेज हवा और बारिश के कारण फसलों को नुकसान होने की प्राथमिक जानकारी मिल रही है.
अधिकारियों के अनुसार, स्थिति का जायजा लेने के लिए संबंधित विभागों द्वारा सर्वे और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. आने वाले दिनों में नुकसान का वास्तविक आकलन सामने आएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि एक ओर जहां 45 डिग्री की झुलसा देने वाली गर्मी से परेशान लोगों को इस मौसम बदलाव से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के सामने फसल बचाने की नई चुनौती खड़ी हो गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today