मिल्कफेड ने बढ़ाए दूध के दाम (सांकेतिक फोटो)पंजाब सरकार ने राज्य के डेयरी किसानों को राहत देते हुए दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान किया है. सरकार ने मिल्कफेड (वेरका) से जुड़े किसानों के लिए दूध के दाम में 20 रुपये प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी की है. यह नई दरें 1 मई से लागू होंगी. सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस फैसले का मकसद डेयरी किसानों को बेहतर दाम देना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और राज्य की सहकारी डेयरी व्यवस्था को और मजबूत बनाना है.
इस फैसले से मिल्कफेड (वेरका) से जुड़े करीब 2.5 लाख डेयरी किसान सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. सरकार का मानना है कि इससे डेयरी खेती की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और किसानों का भरोसा सहकारी व्यवस्था पर और मजबूत होगा.
प्रवक्ता ने कहा कि मिल्कफेड इस क्षेत्र में अग्रणी संस्था है, इसलिए उसके दाम बढ़ाने से अन्य दूध खरीदने वाली कंपनियों और संस्थानों पर भी दबाव बनेगा कि वे अपने खरीद मूल्य बढ़ाएं. इससे राज्य के करीब 30 लाख डेयरी किसानों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, दूध के दाम बढ़ने से पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में हर महीने करीब 100 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी पहुंचेगी. इससे गांवों में रोजगार, आय और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
मिल्कफेड पंजाब (वेरका) उत्तर भारत की सबसे बड़ी सहकारी दुग्ध संस्थाओं में से एक है और पैकेज्ड दूध और दुग्ध उत्पादों के बाजार में इसकी मजबूत पकड़ है. मिल्कफेड सूत्रों के अनुसार यह फैसला किसानों और दुग्ध उत्पादकों के हितों की रक्षा के लिए लिया गया है.
सरकार और मिल्कफेड को उम्मीद है कि यह कदम न केवल किसानों की आय बढ़ाएगा, बल्कि पंजाब में डेयरी सेक्टर को और मजबूत आधार देगा.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today