Bird Flu: महाराष्ट्र के नवापुर में H5N1 का प्रकोप, पोल्ट्री कारोबार पर लगा ब्रेक

Bird Flu: महाराष्ट्र के नवापुर में H5N1 का प्रकोप, पोल्ट्री कारोबार पर लगा ब्रेक

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले की नवापुर तहसील में बर्ड फ्लू (H5N1) के मामलों की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. तीन पोल्ट्री फार्म में संक्रमण पाए जाने के बाद एक किलोमीटर क्षेत्र को संक्रमित और दस किलोमीटर इलाके को निगरानी क्षेत्र घोषित किया गया है. प्रभावित क्षेत्रों में पोल्ट्री पक्षियों का बड़े पैमाने पर कलिंग किया जा रहा है. अंडों और मुर्गियों की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी गई है. भारी नुकसान से जूझ रहे पोल्ट्री किसानों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है.

Advertisement
Bird Flu: महाराष्ट्र के नवापुर में H5N1 का प्रकोप, पोल्ट्री कारोबार पर लगा ब्रेकमहाराष्ट्र के नवापुर में बर्ड फ्लू का संक्रमण

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के नवापुर तहसील में बर्ड फ्लू (H5N1) का प्रकोप सामने आने से प्रशासन सतर्क हो गया है. डायमंड, डॉन और तसरीन नामक तीन पोल्ट्री फार्म में पक्षी इन्फ्लूएंजा वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है. प्रभावित क्षेत्र के पक्षियों का नष्टिकरण (कलिंग) शुरू कर दिया गया है. 1 किमी क्षेत्र को ‘संक्रमित क्षेत्र’ और 10 किमी तक के इलाके को ‘निगरानी क्षेत्र’ घोषित किया गया है.

इस क्षेत्र में पोल्ट्री पक्षियों के परिवहन, खरीद-बिक्री और बाजारों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है. पशुपालन विभाग द्वारा सैनिटाइजेशन और जांच का काम शुरू कर दिया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें.

बड़ी संख्या में मुर्गियों का कलिंग

नवापुर में कुल मिलाकर सभी पोल्ट्री फार्म में 10 लाख से भी ज्यादा मुर्गियां हैं. यहां बड़ी संख्या में मुर्गियों का कलिंग होने वाला है. ऐसी जानकारी जिलाधिकारी मिताली सेठी ने दी.

जिलाधिकारी ने कहा कि बर्ड फ्लू से किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है. जिलाधिकारी ने बताया कि इससे किसी की जान नहीं जाती. संक्रमण से बचाने के लिए पूरे इलाके में पक्षियों को मारने का काम शुरू किया जा रहा है. लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है. 

नवापुर में साल 2021 में भी बर्ड फ्लू का प्रकोप फैला था, जिससे उस समय सभी पोल्ट्री किसान बेहद परेशान हो गए थे. पशुपालन के क्षेत्र में इस तरह की बीमारियां आती रहती हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है. पोल्ट्री के मामले में यह नुकसान बड़ा होता है क्योंकि संक्रमण से बचाने के लिए पक्षियों को बड़े पैमाने पर मारा जाता है.

बर्ड फ्लू के चलते पोल्ट्री फार्मों को लाखों–करोड़ों रुपये का नुकसान होता है. इसके अलावा, भीषण गर्मी के कारण अंडों के दाम भी काफी गिर चुके हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो गई है. इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए, यहां के पोल्ट्री किसानों ने सरकार से उचित मुआवजा देने की मांग की है.

सूरत में अंडे की सप्लाई प्रभावित

नवापुर से गुजरात के सूरत में बड़े पैमाने पर अंडों की सप्लाई जाती है. जब से बर्ड फ्लू संक्रमण की खबर आई है, तब से यह सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है. एक आंकड़े के मुताबिक, नवापुर से हर दिन लगभग 10 लाख अंडे सूरत भेजे जाते हैं. लेकिन यह सप्लाई रुक गई है क्योंकि पोल्ट्री के सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है. इससे बाद पूरे इलाके में पक्षियों को मारने का काम शुरू किया गया है.

अधिकारियों ने बताया कि 1 किलोमीटर के दायरे में लगभग 2.5 लाख मुर्गियों को मारा गया है जबकि 2 किमी के दायरे में निगरानी बढ़ाई गई है. सावधानी बरतते हुए गुजरात के तापी जिले से पोल्ट्री के कुछ सैंपल भोपाल में टेस्टिंग के लिए भेजे गए हैं. नंदुरबार जिले के कुल 38 में अकेले नवापुर में 27 पोल्ट्री फार्म हैं जहां बर्ड फ्लू का संक्रमण है. बीते दो दशक में यह तीसरी बार है जब इस बीमारी ने पोल्ट्री सेक्टर को संकट में डाला है.(विशाल ठाकुर का इनपुट)

POST A COMMENT