
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है. इसी क्रम में भारतीय माैसम विभाग ने 26 अगस्त यानी बुधवार के लिए प्रदेश के तराई, बुंदेलखंड समेत कुल 29 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, घर से बाहर निकलने से पहले मौसम विभाग का अपडेट जरूर पढ़ लें. लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिनों तक यूपी के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने वाली है.
इसके बाद कुछ दिनों के लिए मॉनसून के धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के संकेत हैं. राजधानी लखनऊ में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश हुई. बुधवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और लखनऊ में बारिश होने की संभावना है. वहीं, लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जाएगा तो न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा.
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, 26 अगस्त को मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, इटावा, सीतापुर, महामाया नगर, औरैया, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसके साथ बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आस पास के इलाकों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी हुआ है.
उन्होंने बताया कि मंगलवार को आजमगढ़ में सर्वाधिक 120 मिमी बारिश दर्ज हुई. वहीं वाराणसी में 128 मिमी, सोनभद्र में 120 मिमी, बस्ती में 117 मिमी, अंबेडकरनगर में 114.4 मिमी और सुल्तानपुर में 107 मिमी बारिश दर्ज हुई है. वहीं, 29 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
ये भी पढ़ें-
CM योगी बोले- यूपी में 2017 के पहले खेतों से मोटर चोरी कराते थे सरकार के लोग, अब चोरी की तो...
यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानिए देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल