
देश के कई हिस्सों में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. उत्तर भारत में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की दस्तक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की देश के शेष हिस्सों से वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं. इसी दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की बारिश शुरू होने की संभावना है.
मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश का दायरा बढ़ सकता है.
15 से 18 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है. बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 13 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना भी जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियों पर असर पड़ सकता है.
आईएमडी के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में 13 अक्टूबर को मौसम का असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में 14 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 13 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 14 और 15 अक्टूबर को कई जगह बारिश हो सकती है.
वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 13 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकते हैं. राजस्थान में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 13 से 15 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश की संभावना है.
इधर, पूर्वी भारत में ओडिशा में 13 से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 14 से 18 अक्टूबर के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 13 से 18 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 13 और 14 अक्टूबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है.
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत में छत्तीसगढ़ में 13 से 18 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 18 अक्टूबर के दौरान मौसम बदल सकता है. इसके अलावा, पश्चिमी क्षेत्र में कोंकण और गोवा में 13 अक्टूबर को गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है.
दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 से 18 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 13 और 14 अक्टूबर को गरज-चमक की संभावना है. कर्नाटक के दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में 13 से 15 अक्टूबर के दौरान बारिश का अनुमान है.