Weather Alert: अगले 5 दिन कई राज्यों में झमाझम बरसेंगे बादल, IMD ने ओले गिरने की भी जताई आशंका

Weather Alert: अगले 5 दिन कई राज्यों में झमाझम बरसेंगे बादल, IMD ने ओले गिरने की भी जताई आशंका

IMD Weather Alert: मौसम विभाग ने 14 से 19 अक्टूबर के बीच कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश का अनुमान है. जानिए देशभर के मौसम का अपडेट...

aaj ka mausam imd updateaaj ka mausam imd update
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 14, 2026,
  • Updated Oct 14, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 14 से 19 अक्टूबर के बीच दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. वहीं, दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट है. पूर्वी और मध्य भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 14 से 19 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 15 से 19 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है. 

IMD के मुताबिक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 15 से 18 अक्टूबर तक भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में 16 से 18 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है. तेलंगाना में 17 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के मौसम का हाल

इधर, दिल्ली-NCR में 14 अक्टूबर को आसमान साफ रहने के बाद शाम से बादल छा सकते हैं. यहां अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली में बारिश और गरज-चमक की संभावना 15 और 16 अक्टूबर को अधिक है.

मौसम विभाग का कहना है कि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 14 और 15 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और इनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इन राज्यों के कुछ हिस्सों में ओले भी गिर सकते हैं.

वहीं, जम्मू-कश्मीर में 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में ओलावृष्टि की भी आशंका है. राजस्थान में पश्चिमी हिस्सों में 14 अक्टूबर और पूर्वी हिस्सों में 14 से 16 अक्टूबर तक ओले गिर सकते हैं.

मध्य और पूर्वी भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 15 और 16 अक्टूबर और पूर्वी हिस्सों में 15 से 19 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 19 अक्टूबर तक और विदर्भ में 16 से 19 अक्टूबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है.

पूर्वी भारत में ओडिशा में 14 से 17 अक्टूबर तक बारिश और गरज-चमक की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 14 से 18 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. बिहार, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 16 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है.

पूर्वोत्‍तर के इन राज्‍यों में होगी बारि‍श

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 17 अक्टूबर तक, अरुणाचल प्रदेश में 14 से 17 अक्टूबर और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 16 अक्टूबर तक कुछ हिस्‍सों में बारिश हो सकती है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी 14 से 19 अक्टूबर के बीच बारिश का अनुमान है. इसके अलावा, महाराष्ट्र के मध्य महाराष्ट्र में 14 से 19 अक्टूबर, कोंकण और गोवा में 15 से 19 अक्टूबर और मराठवाड़ा में 16 से 19 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्‍तर मॉनसून से दक्षिण में बढ़ेगी बारिश

IMD के मुताबिक, अगले दो दिनों में दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मॉनसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 15 अक्टूबर से बारिश बढ़ने का अनुमान है.

MORE NEWS

Read more!