
यूपी में मानसूनी बारिश की रफ्तार कम हो गई है. लेकिन प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश अभी भी जारी है. लखनऊ के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 24 जुलाई यानी शुक्रवार को प्रदेश के 54 शहरों में हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही प्रदेश में 27 जुलाई से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. जिससे 29 जुलाई तक प्रदेश भर में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है. हालांकि लखनऊ में गुरुवार की रात से कुछ इलाकों में बारिश हो रही है. वहीं, राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सिय और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है.
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आज प्रदेश के 54 शहरों में बारिश होने के आसार है. इसमें शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बदायूं, बरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, गोंडा, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, झांसी, महोबा और चित्रकूट समेत अन्य शहर शामिल हैं.
बता दें कि गुरुवार को सबसे ज्यादा इटावा जिले में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई.इसके साथ ही हमीरपुर में 18 मिमी, लखनऊ में 6.5 मिमी, सुलतानपुर में 4.6 मिमी और कानपुर में 3.6 मिमी बारिश हुई है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून रेखा का दक्षिण की ओर खिसकने और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर होने से अगले तीन दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी.
उन्होंने बताया कि मानसूनी सक्रियता फिलहाल पश्चिम-मध्य भारत की तरफ शिफ्ट हो गई है. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 26 और 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा.
ये भी पढ़ें-