
अक्टूबर की शुरुआत के साथ देशभर में मौसम में बदलाव का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने अपना ताजा अपडेट जारी किया है. आईएमडी के मुताबिक, एक ओर कुछ राज्यों में जहां झमाझम बारिश जारी है तो दूसरी ओर कई राज्यों में मौसम शुष्क होने लगा है. आईएमडी का कहना है कि दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर बना रहेगा, जबकि पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति रह सकती है. केरल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट बना हुआ है और 2 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. वहीं, उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई आगे बढ़ रही है.
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब वापसी के चरण में है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों के साथ गुजरात और मध्य प्रदेश के अधिकांश भागों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से भी मॉनसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल है. बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से भी मॉनसून पीछे हट सकता है. इसका मतलब है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ मौसम अपेक्षाकृत शुष्क होने की दिशा में बढ़ रहा है.
IMD के अनुसार, 2 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह उत्तर-पश्चिमी हवाएं करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जबकि दोपहर में इनकी गति 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 2 अक्टूबर को व्यापक बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी 2 अक्टूबर के लिए बड़े पैमाने पर बारिश का अलर्ट नहीं है. हालांकि आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी भारत में ओडिशा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मौसम सक्रिय रह सकता है. ओडिशा में 2 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक और झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2 अक्टूबर को भी गरज, बिजली और तेज हवाओं की संभावना है. गंगीय पश्चिम बंगाल में 2 अक्टूबर से कुछ स्थानों पर बारिश का दौर शुरू हो सकता है. बिहार और झारखंड में व्यापक बारिश का प्रमुख दौर 5 से 7 अक्टूबर के बीच रहने का अनुमान है.
आईएमडी के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 अक्टूबर को भी कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है. इन क्षेत्रों में 1 से 7 अक्टूबर तक छिटपुट से लेकर कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
उधर, पूर्वी मध्य प्रदेश में 2 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 2 अक्टूबर से अगले कुछ दिनों तक छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बारिश की संभावना है.
वहीं, पश्चिम भारत में 2 अक्टूबर को गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में बड़ी बारिश की गतिविधि का संकेत नहीं है. वहीं कोंकण और गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश जारी रह सकती है.