
देश में अगले कुछ दिन मौसम का अलग-सा रुख देखने को मिल सकता है. एक तरफ पूर्वोत्तर, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, केरल और दक्षिण भारत के हिस्सों में तेज से बहुत तेज बारिश की आशंका है. वहीं, दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा और कुछ इलाकों में लू का असर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राजस्थान, बिहार, झारखंड और पहाड़ी राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. कुछ इलाकों में ओले गिरने और धूलभरी आंधी चलने की भी आशंका है.
इधर, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून फिलहाल महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार में बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों में मॉनसून इन राज्यों के और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. इससे मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में गर्मी से राहत और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जून को पूर्वोत्तर भारत में व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है और असम-मेघालय में कई जगह तेज बारिश हो सकती है. बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर दिख सकता है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की स्थिति बनी रह सकती है.
वहीं, उत्तर भारत में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहने, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. राजस्थान में धूलभरी आंधी और तेज झोंकों का असर बना रह सकता है.
इसके अलावा मध्य भारत में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में छिटपुट बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा. कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी संभावना है. दूसरी ओर पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और विदर्भ में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है.
IMD ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में 19 जून को आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है. दिन के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
20 जून से दिल्ली के मौसम में कुछ राहत दिख सकती है. हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन का तापमान घटकर 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है. 21 जून तक बादल और हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है.
20 जून के बाद भी पूर्वोत्तर भारत, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां मजबूत बनी रह सकती हैं. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में लगातार बारिश के संकेत हैं.
पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण और महाराष्ट्र के हिस्सों में धीरे-धीरे बारिश बढ़ सकती है. उत्तर भारत में आंधी और हल्की बारिश के बीच कई इलाकों में तापमान में कुछ गिरावट संभव है, लेकिन उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं होगा.
जहां बारिश की संभावना है, वहां किसान खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था रखें और कटी हुई उपज को तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें. तेज हवा वाले इलाकों में सब्जियों, फलदार पौधों और बागवानी फसलों को सहारा दें. लू वाले क्षेत्रों में हल्की सिंचाई और मल्चिंग करें, ताकि मिट्टी की नमी बनी रहे.
वहीं, पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे पशुओं को खुले में न छोड़ें, साफ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं और चारा सूखी जगह पर रखें. पोल्ट्री शेड में तापमान नियंत्रण और हवा की व्यवस्था बनाए रखें.