देश में मौसम का दोहरा असर, कहीं लू का कहर, तो कहीं बारिश और आंधी की चेतावनी, पढ़ें IMD अपडेट

देश में मौसम का दोहरा असर, कहीं लू का कहर, तो कहीं बारिश और आंधी की चेतावनी, पढ़ें IMD अपडेट

देश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में लू और बढ़ते तापमान का खतरा है, वहीं पूर्वोत्तर और कुछ हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, गर्मी से बचाव और खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है.

aaj ka mausamaaj ka mausam
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 20, 2026,
  • Updated Apr 20, 2026, 7:05 AM IST

देशभर में मौसम का मिजाज इन दिनों काफी बदला हुआ नजर आ रहा है. एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है, तो दूसरी तरफ कुछ इलाकों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में लोगों को मौसम के इस बदलते रूप के लिए तैयार रहना होगा.

कई राज्यों में लू का खतरा

मौसम विभाग ने बताया है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है. खासकर 19 से 23 अप्रैल के बीच इन राज्यों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है. झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को लू का असर देखने को मिल सकता है. इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और ओडिशा में भी 21 से 23 अप्रैल के बीच गर्म हवाएं चल सकती हैं.

तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की बात कही गई है. उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी भारत में भी 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश

जहां एक तरफ गर्मी बढ़ रही है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है. यहां 19 से 23 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.

बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इस दौरान बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है. इससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बिजली और तेज हवाओं से सावधान रहने की जरूरत है.

उत्तर भारत में बदलता मौसम

उत्तर भारत के कुछ हिस्सों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी आंधी और हल्की बारिश हो सकती है.

दक्षिण और पश्चिम भारत का हाल

दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी मौसम बदल सकता है. यहां हल्की बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है. वहीं महाराष्ट्र और उसके आसपास के इलाकों में भी आंधी और बारिश हो सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और हवा के दबाव में बदलाव के कारण यह स्थिति बनी हुई है. अलग-अलग जगहों पर बने चक्रवाती सिस्टम और हवा के बहाव से मौसम तेजी से बदल रहा है.

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि लू के दौरान धूप में ज्यादा देर तक न रहें, पानी ज्यादा पिएं और खुद को ठंडा रखें. वहीं जिन इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना है, वहां बिजली गिरने और तेज हवाओं से सावधान रहने की जरूरत है.

ये भी पढ़ें: 

महाराष्ट्र में 20 से 22 अप्रैल तक आंधी-तूफान का अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
तेलंगाना के किसानों को बड़ी राहत, CM रेड्डी इस दिन जारी करेंगे रायतु भरोसा योजना की दूसरी किस्त

MORE NEWS

Read more!