Weather Update: कई राज्‍यों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी

Weather Update: कई राज्‍यों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी

IMD Latest Weather Update: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का खतरा बढ़ गया है, जबकि पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में तापमान तेजी से बढ़ने वाला है.

aaj Ka mausam heatwave alertaaj Ka mausam heatwave alert
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Apr 22, 2026,
  • Updated Apr 22, 2026, 7:00 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर-पश्चिम भारत में 3-4 दिन तक हीटवेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है, जबकि इसका असर धीरे-धीरे पूर्वी और मध्य भारत तक फैल सकता है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, और कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

22 अप्रैल को देशभर का मौसम हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार 22 अप्रैल को देश के अधिकांश मैदानी इलाकों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम और मेघालय में तेज बारिश और 50-70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी कहीं-कहीं आंधी-बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली-NCR में ऐसा रहेगा मौसम

IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 22 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा लेकिन गर्मी तेज होगी. अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री और न्यूनतम 21 से 23 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. 

23 और 24 अप्रैल को तापमान और बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे हीटवेव की स्थिति बनेगी. इन दिनों तेज गर्म हवाएं चलेंगी और रातें भी गर्म रहेंगी, जिससे राहत मिलने की संभावना कम है.

उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत का पूर्वानुमान

उत्तर-पश्चिम भारत में 25 अप्रैल तक तापमान में 3-4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर रहेगा. वहीं, 23 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 24-26 अप्रैल के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

पूर्व, मध्य और पूर्वोत्तर भारत का मौसम अपडेट

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा है कि पूर्वी भारत के राज्यों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. बिहार और पश्चिम बंगाल में 24-26 अप्रैल के बीच आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. मध्य भारत में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 23 अप्रैल के बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी. वहीं, पूर्वोत्तर भारत में पूरे हफ्ते बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जहां कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

दक्षिण और पश्चिम भारत का पूर्वानुमान

IDM ने कहा है कि अगले कुछ दिनाें तक दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. तेलंगाना और विदर्भ में ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है. पश्चिम भारत में महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी 21 से 25 अप्रैल के बीच मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह

IMD के डिवि‍जन एग्रोमेट की ओर से हीटवेव को देखते हुए किसानों को फसलों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी गई है, खासकर सुबह या शाम के समय. सब्जियों और बागवानी फसलों में मल्चिंग और शेड नेट का उपयोग करें, ताकि नमी बनी रहे. 

जिन क्षेत्रों में बारिश या आंधी की संभावना है, वहां कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें. पशुपालकों को जानवरों को छांव में रखने और पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है, ताकि गर्मी का असर कम हो सके.

MORE NEWS

Read more!