IMD Alert: 5 दिन तक देश के कई हिस्सों में लू का कहर, इन राज्यों में बारिश-ओले की चेतावनी

IMD Alert: 5 दिन तक देश के कई हिस्सों में लू का कहर, इन राज्यों में बारिश-ओले की चेतावनी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है. हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों में 20 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग दिनों में हीटवेव का असर दिख सकता है. वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, आंधी, ओलावृष्टि और गुजरात में बेमौसम बारिश की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Gujarat weather forecast, Heat wave alert (File Photo- ITG)Gujarat weather forecast, Heat wave alert (File Photo- ITG)
क‍िसान तक
  • New Delhi,
  • Apr 20, 2026,
  • Updated Apr 20, 2026, 5:19 PM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने की बहुत अधिक संभावना है. विभाग ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, गंगा से सटे पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 20 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने की आशंका है.

IMD का अलर्ट

IMD ने कहा, "20-26 अप्रैल के दौरान गंगा से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में, 20-22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में, 20-24 अप्रैल के दौरान केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में, 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की बहुत अधिक संभावना है."

इसके अलावा, 20 और 21 अप्रैल को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में, 20 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में, और 20 से 22 अप्रैल के बीच ओडिशा में रातें गर्म रहने की उम्मीद है.

IMD ने बताया कि सोमवार को दक्षिण, मध्य, पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत के अलग-अलग राज्यों में मध्यम से तेज गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है.

IMD के अनुसार, सोमवार को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि की भी संभावना है.

गुजरात में बारिश

मौसम विभाग ने गुजरात के अलग-अलग शहरों में 21 अप्रैल तक बेमौसम बारिश की चेतावनी जारी की है. राजस्थान पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से गुजरात के सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के हिस्सों में बेमौसम बारिश हो सकती है. लेकिन इसके बाद 25 अप्रैल तक गर्मी का पारा दोबारा 42 डिग्री के पार जाने का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है.

मौसम विभाग के मुताबिक गुजरात में 21 अप्रैल तक सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में सामान्य से मध्यम बेमौसम बारिश का अलर्ट जारी है. इनमें अमरेली, भावनगर, वलसाड, तापी, डांग में बेमौसम बारिश हो सकती है. इसकी वजह से जिन शहरों में गर्मी का पारा 40 डिग्री के पार से लेकर 42 डिग्री तक जा पहुंचा था, उन शहरों में गर्मी का पारा 39 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है. 

मौसम विभाग के मुताबिक ये राहत ज्यादा लंबे वक्त तक नहीं रहेगी. 22 अप्रैल से दोबारा गर्मी का पारा बढ़कर 42 डिग्री के पार जाने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है. इसे देखते हुए अहमदाबाद नगर निगम ने 25 अप्रैल तक शहर में येलो अलर्ट जारी किया हुआ है.

पंजाब के 4 जिलों में लू

पंजाब के 4 जिलों में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. 24 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहेगा. IMD का अनुमान है कि बारिश नहीं होगी और रातें भी गर्म रहेंगी.

IMD का येलो अलर्ट एक सावधानी-स्तर की चेतावनी है जिसमें लोगों को सचेत रहने की सलाह दी जाती है. इसका मतलब है कि लू की स्थितियां बनने की संभावना है, लेकिन अभी वे बहुत ज्यादा गंभीर नहीं हैं.

प्रभावित क्षेत्रों में लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला (पंजाब में) शामिल हैं. इस अलर्ट में चंडीगढ़ और उसके आस-पास के क्षेत्र भी शामिल हैं. इन क्षेत्रों में सोमवार, 20 अप्रैल से लेकर 24 अप्रैल तक के लिए अलर्ट जारी किया गया है.

MORE NEWS

Read more!