बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बढ़ेगी मौसमी हलचल, IMD ने कई राज्‍यों आंधी-बारिश का अलर्ट किया जारी

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बढ़ेगी मौसमी हलचल, IMD ने कई राज्‍यों आंधी-बारिश का अलर्ट किया जारी

IMD Latest Weather Update: बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में सक्रिय मौसमी सिस्टम के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में 26 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में तेज बारिश की संभावना है. पढ़ें देशभर के मौसम का हाल...

aaj ka mausam heavy rain alertaaj ka mausam heavy rain alert
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Oct 21, 2026,
  • Updated Oct 21, 2026, 7:00 AM IST

देश के कई हिस्‍सों में अगले कुछ दिनों में फिर से मौसम बदलने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में 26 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु तट के पास अगले कुछ घंटों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. वहीं, अरब सागर में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल सकता है. इन मौसमी प्रणालियों के असर से तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कई तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.

तमिलनाडु में बहुत भारी बारिश का अनुमान

आईएमडी के अनुसार, आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. केरल और माहे में भी भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 अक्टूबर से भारी बारिश होने का अनुमान है.

आंध्र प्रदेश और मध्य भारत में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने 21 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी बारिश की संभावना जताई है. तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 23 अक्टूबर तक और पूर्वी हिस्सों में 21 अक्टूबर तक बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है. महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 23 अक्टूबर तक, जबकि मराठवाड़ा में 21 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर और अंडमान-निकोबार में भी अलर्ट

इधर, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 26 अक्टूबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यहां 24 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. 23 से 26 अक्टूबर के दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 अक्टूबर तक बहुत भारी बारिश की आशंका है. इसके बाद 23 से 26 अक्टूबर के बीच भी भारी बारिश जारी रह सकती है. लक्षद्वीप में 22 से 26 अक्टूबर तक भारी बारिश का अलर्ट है. केरल और माहे में 26 अक्टूबर तक बारिश होने की संभावना है. कर्नाटक के तटीय और दक्षिण आंतरिक हिस्सों में 22 से 24 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 से 25 अक्टूबर तक बारिश के आसार हैं.

बंगाल की खाड़ी-अरब सागर में बन रहे मौसमी सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट के पास अगले कुछ घंटों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. दूसरी ओर, अरब सागर में पहले से सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल सकता है और सोमालिया तट की ओर बढ़ सकता है.

इसके अलावा, थाईलैंड की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 21 अक्टूबर की सुबह तक उत्तरी अंडमान सागर में पहुंच सकता है. इसके प्रभाव से 23 अक्टूबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मजबूत हो सकता है.

उत्तर भारत में 23 अक्टूबर के बाद बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में 23 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के आसार हैं. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 23 से 25 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 23 से 26 अक्टूबर और हिमाचल प्रदेश में 24 से 25 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अक्टूबर को हल्की बारिश हो सकती है. राजस्थान में भी 24 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं.

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 21 और 22 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 23 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

किसानों को फसलों से पानी निकालने की सलाह

मौसम विभाग ने तमिलनाडु में किसानों को धान, केला, कपास, गन्ना और हल्दी की फसलों से अतिरिक्त पानी निकालने की सलाह दी है. कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने और बारिश के दौरान खाद व कीटनाशकों का छिड़काव टालने को कहा गया है. 

MORE NEWS

Read more!