
खरीफ 2026 मौसम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अतिवृष्टि एवं बाढ़ से फसलों को पहुंचे नुकसान के संबंध में विभिन्न माध्यमों से कुल 3,61,120 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से पात्र 3,04,028 आवेदनों के तहत 45,828 आवेदनों का सर्वेक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 1,83,351 आवेदनों का सर्वे प्रक्रियाधीन है तथा 74,849 आवेदनों का सर्वे किया जाना बाकी है. प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बीमा कंपनियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित जिलाधिकारी एवं उप कृषि निदेशक के माध्यम से जांच समितियां गठित कराई जाएं और संबंधित किसानों की उपस्थिति में मौके पर सर्वेक्षण कराकर फौरन क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराई जाए.
शाही ने बताया कि फसल क्षति की सूचना देने के लिए किसान भारत सरकार के टोल फ्री नंबर 14447 (KRPH), कृषि विभाग के किसान कॉल सेंटर नंबर 0522-2317003, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 7065514447 अथवा एनसीआईपी पोर्टल (https://pmfby.gov.in/) का उपयोग कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त संबंधित बैंक शाखा, जनपद के कृषि अथवा राजस्व विभाग के अधिकारियों, ग्राम प्रधान या क्षेत्र पंचायत सदस्य के माध्यम से भी व्यक्तिगत दावा बीमा कंपनी को प्रस्तुत किया जा सकता है.
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा के तहत खरीफ 2026 मौसम में बैंकों द्वारा अब तक 23.58 लाख किसानों को बीमित किया जा चुका है. प्रदेश में कुल 1.10 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) खातों में से 69.12 लाख खाते अपात्र श्रेणी के हैं, जबकि 20.11 लाख खाते अभी भी वेरिफिकेशन होना बाकी हैं. उल्लेखनीय है कि सभी पात्र केसीसी धारक किसानों को योजना से आच्छादित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार के विशेष अनुरोध पर भारत सरकार द्वारा बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2026 से बढ़ाकर 10 सितम्बर, 2026 की गई थी.
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के मुताबिक, वर्तमान खरीफ 2026 मौसम में गत खरीफ 2025 की तुलना में 2.94 लाख अधिक किसानों ने बीमा कराया है, जो कि 14.25 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि है. गत खरीफ 2025 में 20.63 लाख किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था, जिसके सापेक्ष 7.31 लाख किसानों को 812.76 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जा चुका है.
इसी प्रकार रबी 2025-26 में 18.69 लाख बीमित किसानों के सापेक्ष अब तक 1.69 लाख किसानों को 135.30 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई है. वर्ष 2017-18 से 2025-26 तक की अवधि में प्रदेश के 69.32 लाख किसानों को कुल 6,125.54 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान किया जा चुका है.
वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में केसीसी खातों के नवीनीकरण एवं नए केसीसी जारी करने का 83.90 लाख का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष खरीफ 2026 मौसम में अब तक 36.09 लाख केसीसी नवीनीकृत अथवा नए बनाए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 43 प्रतिशत है. इसके साथ ही खरीफ 2026 मौसम में फसली ऋण वितरण के 85,783.09 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 58,103.16 करोड़ रुपये का फसली ऋण वितरित किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य की 68 प्रतिशत उपलब्धि है.
ये भी पढ़ें-
यूपी के चीनी मिलों पर CM योगी की सख्ती, किसानों को मिला 3.25 लाख करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान
क्या कभी सोचा है आपने, खाने के पैकेट पर इन 14 नंबरों का क्या होता है मतलब?