बिहार में पुराने आम और लीची के बागों की बदलेगी तस्वीर! किसानों को मिलेगी 40% सब्सिडी

बिहार में पुराने आम और लीची के बागों की बदलेगी तस्वीर! किसानों को मिलेगी 40% सब्सिडी

बिहार सरकार पुराने आम और लीची के बागों को फिर से बेहतर बनाने के लिए किसानों को बंपर सब्सिडी दे रही है. इस योजना के तहत किसानों को शाखाओं की कटाई और पोषक तत्वों के प्रबंधन के लिए आर्थिक मदद मिलेगी.

आम और लीची के बागों की बदलेगी तस्वीर (AI- Image)आम और लीची के बागों की बदलेगी तस्वीर (AI- Image)
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Nov 09, 2026,
  • Updated Nov 09, 2026, 11:46 AM IST

किसानों को आर्थिक तौर पर मजबूत करने के लिए सरकार अलग-अलग तरह के प्रयास करती रहती है. इसी कड़ी में बिहार सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और पुराने फलदार बागों को फिर से हरा-भरा बनाने के लिए एक खास योजना चला रही है. इसके तहत पुराने आम और लीची के बागों के जीर्णोद्धार यानी उन्हें दोबारा बेहतर बनाने के लिए किसानों को बंपर सब्सिडी दी जा रही है. सरकार की इस पहल का उद्देश्य पुराने बागों की उत्पादकता बढ़ाना और किसानों को बेहतर पैदावार के साथ ज्यादा कमाई का मौका देना है. पूरी खबर जानने के लिए नीचे दी गई डिटेल को पढ़ें.  

इन दो कामों के लिए मिलेगी सब्सिडी

बिहार कृषि विभाग की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक, बिहार सरकार किसानों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में पुराने फलदार बागों के जीर्णोद्धार के लिए किसानों को दो तरह के कामों पर सब्सिडी दे रही है. पहला काम बागों की शाखाओं की कटाई के प्रबंधन से जुड़ा है. इसके लिए निर्धारित लागत 10 हजार रुपये प्रति इकाई रखी गई है. इस पर किसानों को 40 फीसदी यानी अधिकतम 4 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी. इससे किसान पेड़ों की सूखी शाखाओं की कटाई कर सकेंगे. इससे पेड़ों को बेहतर तरीके से विकसित करने में मदद मिलेगी.

दूसरा काम पौधों में पोषक तत्वों के प्रबंधन से जुड़ा है. इसके लिए निर्धारित लागत 40 हजार रुपये प्रति इकाई तय की गई है. इस पर 40 फीसदी सब्सिडी के रूप में किसानों को अधिकतम 16 हजार रुपये मिलेंगे. इस राशि से बागों में पौधों की जरूरत के अनुसार पोषक तत्वों का प्रबंधन किया जा सकेगा. इस तरह दोनों कामों को मिलाकर किसानों को एक इकाई पर कुल 20 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है.

बिहार के 19 जिलों के किसानों को मिलेगा लाभ

इस योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के 19 जिलों में लागू किया गया है. इनमें बांका, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली शामिल हैं. इन जिलों के आम और लीची उत्पादक किसान इस योजना का लाभ उठा सकेंगे.

किसानों को क्या होगा फायदा?

कई किसानों के पास ऐसे आम और लीची के बाग हैं, जो पुराने होने के कारण पहले जैसी पैदावार नहीं दे पा रहे हैं. पेड़ों की सही देखभाल नहीं होने, शाखाओं के बढ़ने और पोषक तत्वों की कमी से भी उत्पादन प्रभावित होता है. ऐसे में बागों की समय-समय पर कटाई-छंटाई और पोषक तत्वों का सही प्रबंधन जरूरी होता है. बिहार सरकार की इस योजना से किसानों को इन कामों में आर्थिक मदद मिलेगी. इससे पुराने बागों की उत्पादकता बढ़ाने और फल उत्पादन को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है. सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि आम और लीची की खेती करने वाले किसानों को राहत मिलेगी. साथ ही पुराने बागों को दोबारा बेहतर बनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे.

लाभ लेने के लिए कैसे करें आवेदन?

  • इस योजना के लिए आवेदन पूरी तरह से ऑनलाइन है.
  • आधिकारिक वेबसाइट horticulture.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
  • वेबसाइट पर ‘आम और लीची के पुराने फलदार बागों के पुनरुद्धार’ लिंक पर क्लिक करें.
  • मांगी गई जानकारी भरें और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें.
  • आवेदन जमा करने के बाद जिला स्तर पर जांच होगी.
  • योग्य पाए जाने पर ही लाभार्थी को सहायता राशि जारी की जाएगी.

यहां मिलेगी अधिक जानकारी

अगर आप भी बिहार के किसान हैं और आम और लीची के के बागों के जीर्णोद्धार करना चाहते हैं, तो इसके लिए सरकार सब्सिडी मुहैया करा रही है. इसके लिए किसान ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. इस सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए किसान सरकार की आधिकारिक वेबसाइट के लिंक पर विजिट कर सकते हैं. इसके अलावा किसान अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के कृषि या बागवानी विभाग के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं. 

MORE NEWS

Read more!