
महाराष्ट्र सरकार ने किसान कर्जमाफी योजना की दूसरी किस्त जारी कर दी है. इसके तहत 6,36,036 पात्र किसानों के खातों में कुल 5,086 करोड़ रुपये की कर्जमाफी का लाभ पहुंचाया गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में सोमवार को मुंबई में ऑनलाइन माध्यम से लाभ राशि का वितरण किया गया. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि दूसरी किस्त जारी होने के बाद अब तक 12,58,243 किसानों को कर्जमाफी का फायदा मिल चुका है. इन किसानों के कुल 10,115 करोड़ रुपये के कृषि लोन माफ किए गए हैं. सरकार ने इस पूरी योजना के लिए 36,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रावधान किया है.
कृषि लोन माफी की यह योजना जून की शुरुआत में राज्य मंत्रिमंडल से मंजूर हुई थी. सरकार ने उस समय अनुमान लगाया था कि योजना से 56 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा होगा. पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया अभी जारी है और लाभार्थियों की संख्या समय-समय पर अपडेट की जा रही है.
राज्य सरकार ने कहा कि पात्र किसानों की पहचान और लाभ वितरण की प्रक्रिया में आधार प्रमाणीकरण किया जा रहा है. अब तक 13.70 लाख लोन खातों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है. सरकार ने कहा है कि कर्जमाफी का डिस्ट्रीब्यूशन पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है और इसकी निगरानी मुख्यमंत्री के स्तर पर की जा रही है.
दूसरी किस्त का वितरण राज्य के सभी छह राजस्व मंडलों में किया गया. छत्रपति संभाजीनगर संभाग में सबसे ज्यादा 3,02,273 किसानों को 2,284 करोड़ रुपये की कर्जमाफी मिली. अमरावती डिविजन में 1,45,808 किसानों को 1,208 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया.
नासिक संभाग में 84,813 किसानों को 756 करोड़ रुपये की कर्जमाफी दी गई. पुणे डिविजन में 49,224 किसानों को 417 करोड़ रुपये और नागपुर डिविजन में 44,864 किसानों को 366 करोड़ रुपये का लाभ मिला. वहीं, कोंकण डिविजन में 9,054 किसानों को 54 करोड़ रुपये की कर्जमाफी मिली.
वितरण कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटील, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल और मुख्यमंत्री कार्यालय और सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ देने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी. (पीटीआई)