'कांग्रेस ने देश को कृषि आयात में निर्भर बनाने का पाप किया', शिवराज ने राहुल गांधी पर दागे सवाल

'कांग्रेस ने देश को कृषि आयात में निर्भर बनाने का पाप किया', शिवराज ने राहुल गांधी पर दागे सवाल

जयपुर में भारत विस्तार लॉन्च से शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर खेती को आयात पर निर्भर बनाने का पाप करने का आरोप लगाया. MSP, भंडारण, चीनी और खाद्य तेल नीति पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी से जवाब मांगा.

Shivraj Attack On Rahul GandhiShivraj Attack On Rahul Gandhi
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Feb 17, 2026,
  • Updated Feb 17, 2026, 3:42 PM IST

जयपुर में भारत विस्तार के लॉन्च कार्यक्रम के मंच से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि खेती, किसानी और खाद्य सुरक्षा को आयात पर निर्भर बनाना कांग्रेस का पाप है, जिसकी कीमत किसानों और गरीबों ने चुकाई. शिवराज ने कृषि आयात, भंडारण में गड़बड़ी और किसानों को MSP से वंचित रखने जैसे मुद्दों को केंद्र में रखते हुए कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए.

खाद्य तेल आयात पर कांग्रेस को घेरा

खाद्य तेल के मुद्दे पर शिवराज ने कहा कि 1993-94 तक भारत आत्मनिर्भर था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने खाद्य तेल को ओपन जनरल लाइसेंस में डालकर सस्ते आयात के दरवाजे खोल दिए. इससे देश की आत्मनिर्भरता खत्म हुई और किसान नुकसान में गए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने देश को आयात पर निर्भर बनाया और यही असली पाप है.

स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों पर बोले शिवराज

शिवराज ने कहा कि स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशों को कांग्रेस सरकार ने ठुकराया और लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा देना नामुमकिन बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार ने एफिडेविट देकर कहा था कि ऐसा करने से बाजार बिगड़ जाएगा. इसके उलट 2019 में नरेंद्र मोदी सरकार ने लागत पर 50 प्रतिशत मुनाफा जोड़कर MSP देने का फैसला किया और उसे लागू करके दिखाया.

अनाज भंडारण में कांग्रेस को बताया फैल्‍यर

कृषि भंडारण को लेकर बोलते हुए शिवराज ने कहा कि कांग्रेस शासन में हजारों टन अनाज सरकारी गोदामों में सड़ता रहा. सुप्रीम कोर्ट की सलाह के बावजूद गरीबों में वितरण नहीं किया गया. उन्होंने 2009-10 का हवाला देते हुए कहा कि देश में गरीब महंगे दाम पर आटा खरीदने को मजबूर था, जबकि वही आटा सस्ते दाम पर विदेश भेजा गया. उन्होंने पूछा कि देश की जनता को महंगा और विदेशों को सस्ता देने का यह कैसा न्याय था.

शुगर पॉलिसी को लेकर कांग्रेस पर बोला हमला

चीनी नीति पर भी सवाल उठाते हुए शिवराज ने कहा कि 2006-07 में रिकॉर्ड उत्पादन के बावजूद बफर स्टॉक नहीं बनाया गया. जब दाम गिरे तो किसानों को बचाने के लिए भंडारण नहीं किया गया और निर्यात की छूट दे दी गई. उन्होंने आरोप लगाया कि सस्ती दर पर चीनी आयात कर महंगे और सस्ते निर्यात जैसे फैसलों से किसानों और देशहित को नुकसान पहुंचा.

कार्यक्रम के अंत में शिवराज ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के हक की बात सिर्फ करती नहीं, बल्कि करके दिखाती है. उन्होंने राहुल गांधी से इन सवालों पर जवाब देने की मांग दोहराई और कहा कि देश और किसान सच्चाई जानना चाहते हैं.

MORE NEWS

Read more!