होली आने वाली है और रंगों के बिना यह त्योहार अधूरा सा लगता है. लेकिन बाजार में मिलने वाले गुलाल में कई बार केमिकल मिली होती हैं, जो स्किन और बालों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसी वजह से कई लोग होली खेलने से डरते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी किचन में मौजूद कुछ चीजों से आसानी से रंग बनाए जा सकते हैं. आज हम आपको घर पर नेचुरल तरीके से होली के रंग बनाना बताएंगे. ये रंग स्किन और बालों के लिए बिल्कुल सेफ होते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि घर पर आसानी से कैसे रंग बनाएं.
ऑरेंज रंग बनाना बहुत आसान है. इसके लिए संतरे के छिलकों को 2 दिन तक अच्छी धूप में सुखा लें. मतलब आज ही इस काम में लग गाएं क्योंकि होली को भी बस तीन दिन ही बचा है. इसके बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें. अब इसमें थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर और चुटकी हल्दी डालकर अच्छे से मिला लें. तैयार मिश्रण को छलनी से छान लें, ताकि गुलाल और भी सॉफ्ट हो जाए. अब आपका नेचुरल ऑरेंज गुलाल तैयार है.
पिंक गुलाल बनाने के लिए 1–2 चुकंदर लें और उन्हें कद्दूकस कर लें. फिर इसमें 1 कप पानी मिलाकर छलनी से रस निकाल लें. अब इसमें 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल डालें. दूसरी तरफ 3 कप कॉर्नफ्लोर लें और उसमें चुकंदर का रस मिलाएं. इसके बाद इसे धूप में सुखा लें. सूखने के बाद चाहें तो दोबारा पीस लें ताकि गुलाल एकदम सॉफ्ट हो.
लाल गुलाल बनाने के लिए गुलाब की पंखुड़ियों को 1 घंटे तक पानी में भिगो दें. इसके बाद इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें. अब इसमें कॉर्नफ्लोर मिलाएं और अच्छे से मिक्स कर लें. फिर तैयार मिश्रण को धूप में सुखा लें या माइक्रोवेव में सुखा सकते हैं. सूखने के बाद आपका लाल रंग तैयार हो जाएगा.
पीला रंग बनाने के लिए 1 कप पानी उबालें और उसमें 2 बड़े चम्मच हल्दी पाउडर डालें. इसे अच्छी तरह उबाल लें और फिर एक ट्रे में डालकर ठंडा होने दें. जब मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें 2 बड़े चम्मच गुलाब जल और 3 कप कॉर्नफ्लोर डालें. अच्छे से मिलाएं और गांठ तोड़ दें. अब इसे पीसकर धूप में सुखा लें. सूखने के बाद यह चमकदार पीला गुलाल तैयार है.
हरा रंग आप पुदीना या पालक जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों से बना सकते हैं. इसके लिए पत्तियों को धोकर, पीसकर और छानकर पेस्ट बना लें. अब इसमें गुलाब जल और कॉर्नफ्लोर मिलाएं. हाथों से अच्छे से मिलाएं ताकि गांठ न बने. इसके बाद इसे धूप में सुखा लें. सूखने के बाद यह इस्तेमाल के लिए तैयार है.