
केले की खेती के लिए मशहूर कुशीनगर जनपद के सेमरी गांव में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा, जहां किसानों को आधुनिक खेती, सरकारी योजनाओं और नई तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई. उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत यह कारवां का 51वां पड़ाव रहा.
कार्यक्रम के पहले चरण में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. रिद्धि वर्मा ने पोषण पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान में लोग आलू का अधिक सेवन कर रहे हैं, जिससे पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता. उन्होंने ‘पोषण वाटिका’ की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए कहा कि हर घर में रंग-बिरंगी सब्जियों का उत्पादन होना चाहिए, जिससे परिवार को पर्याप्त पोषण मिल सके और महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या कम हो.
दूसरे चरण में उप कृषि निदेशक डॉ. अतिंद्र सिंह ने किसानों को पराली न जलाने की अपील की. उन्होंने बताया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण दोनों को नुकसान होता है. उन्होंने डीकंपोजर के उपयोग से पराली को खाद में बदलने और उन्नत गुणवत्ता वाले बीजों के प्रयोग की जानकारी दी. साथ ही पीएम कुसुम योजना और कृषि यंत्रीकरण के लाभ भी बताए.
तीसरे चरण में कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने मिट्टी के गिरते स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने बताया कि मिट्टी में कार्बनिक तत्वों की मात्रा काफी कम हो गई है. उन्होंने हरी खाद, ढैंचा और फसल चक्र अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे मिट्टी की उर्वरता और उत्पादकता दोनों में सुधार होगा.
चौथे चरण में पशु चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने नंदिनी और मिनी नंदिनी योजना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देसी नस्ल की गायों के पालन पर 50 फीसदी तक सब्सिडी मिलती है, जबकि दो पशुओं के पालन पर सरकार 80 हजार रुपये तक की सहायता दे रही है.
पांचवें चरण में हाटा चीनी मिल के उप प्रबंधक रविंद्र सिंह ने बताया कि गन्ना किसानों को बीज, उर्वरक और दवाओं से लेकर कटाई तक कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि गन्ना एक भरोसेमंद फसल है, जो किसानों को स्थिर आय देती है. वहीं, छठे चरण में इफको के जिला प्रभारी अभिषेक दुबे ने नैनो यूरिया और लिक्विड डीएपी के उपयोग के फायदे बताए. उन्होंने कहा कि इनका उपयोग करने से लागत कम होती है, मिट्टी स्वास्थ्य बेहतर रहता है और उत्पादन में वृद्धि होती है.
सातवें चरण में डिप्टी कमिश्नर गन्ना ए.पी. सिंह ने बताया कि सरकार ने गन्ने के मूल्य में वृद्धि की है, जिससे किसानों की आय में सुधार हो रहा है. उन्होंने गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की भी जानकारी दी.
आठवें चरण में गन्ना यूनियन हाटा के अध्यक्ष विवेक सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को ब्लॉक स्तर तक आयोजित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें.
नौवें चरण में जादूगर सलमान ने किसानों बताया कि इफको के उत्पादों पर किसानों का भरोसा आज भी कायम है. साथ ही नए उत्पाद खेती को और अधिक लाभकारी बना रहे हैं. कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 500 रुपये के 10 पुरस्कार दिए गए. मीरा देवी ने प्रथम और सपना ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया.