PHOTOS: पानी की कमी बनी आफत! किसान ने खुद उखाड़ दी डेढ़ एकड़ मिर्च की फसल

फोटो गैलरी

PHOTOS: पानी की कमी बनी आफत! किसान ने खुद उखाड़ दी डेढ़ एकड़ मिर्च की फसल

डेढ़ एकड़ मिर्च की फसल बर्बाद
  • 1/7

महाराष्ट्र के जालना जिले के जलगाव सपकाल गांव से सूखे की मार का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. पानी की भीषण कमी से परेशान एक किसान को अपनी मेहनत से तैयार की गई डेढ़ एकड़ मिर्च की फसल खुद ही उखाड़ कर फेंकनी पड़ी.

  • 2/7

इस घटना ने क्षेत्र में जल संकट और किसानों की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है. किसान संजय सपकाल ने 2 अप्रैल 2026 को लगभग डेढ़ एकड़ क्षेत्र में मिर्च की खेती की थी. फसल की बुवाई, खाद, दवाइयों, मजदूरी और सिंचाई सहित अलग-अलग कार्यों पर उन्होंने करीब 1 लाख 7 हजार रुपये खर्च किए थे.

  • 3/7

अच्छी देखभाल और अनुकूल मौसम के कारण फसल भी अच्छी स्थिति में थी और पौधों पर मिर्च लगनी शुरू हो चुकी थी. कुछ ही दिनों में फसल की पहली तुड़ाई होने वाली थी. लेकिन फिर भी फसल उखाड़ कर फेकना पड़ा. दरअसल, पिछले वर्ष 2025 में इसी क्षेत्र की मिर्च की खेती से उन्हें लगभग साढ़े पांच लाख रुपये की आय हुई थी.

  • 4/7

इसी अनुभव के आधार पर इस वर्ष भी उन्हें चार से साढ़े चार लाख रुपये की आमदनी की उम्मीद थी. लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ गांव और आसपास के क्षेत्र की कुएं, बोरवेल और अन्य जलस्रोत सूख गए. परिणामस्वरूप फसल को समय पर पानी नहीं मिल सका.

  • 5/7

पानी के अभाव में हरी-भरी मिर्च की फसल धीरे-धीरे सूखने लगी. कई प्रयासों के बावजूद सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी. अपनी आंखों के सामने तैयार फसल को बर्बाद होते देख किसान संजय सपकाल पूरी तरह निराश हो गए. आखिरकार जब फसल को बचाने का कोई रास्ता नहीं बचा, तब उन्होंने मजबूरी में पूरी फसल उखाड़ कर खेत से हटवा दी.

  • 6/7

इस घटना से किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है. एक ओर खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर पानी की गंभीर समस्या किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही है. क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि समय रहते जल संरक्षण, सिंचाई परियोजनाओं और वैकल्पिक जल व्यवस्था पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए.

  • 7/7

ऐसे में आने वाले दिनों में और भी किसानों को ऐसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है. जलगाव सपकाल गांव की यह घटना केवल एक किसान की पीड़ा नहीं, बल्कि मराठवाड़ा क्षेत्र में गहराते जल संकट और कृषि क्षेत्र के सामने खड़ी गंभीर चुनौतियों की एक बड़ी तस्वीर पेश करती है. (गौरव विजय साली की रिपोर्ट)