
अगर आपके पास बड़ा बगीचा नहीं है, तब भी आप अपने घर में ताजी, हरी और ऑर्गेनिक सब्जियों का आनंद ले सकते हैं. आजकल बालकनी, छत, आंगन में गमलों, ग्रो बैग या कंटेनरों में कई तरह की सब्जियों को आसानी से उगा सकते हैं. कम जगह होने के बावजूद सही गमले, उपजाऊ मिट्टी, अच्छी खाद और की मदद से भरपूर उत्पादन लिया जा सकता है.
इतना ही नहीं, घर पर उगाई गई सब्जियां पूरी तरह ताज़ी, कैमिकल फ्री और स्वाद में भी बेहतर होती हैं. इससे बाजार पर निर्भरता कम होती है, रोज़ाना ताज़ी सब्जियां मिलती हैं और सेहत भी बेहतर रहती है. थोड़ी-सी देखभाल और सही जानकारी के साथ आप अपने घर के किचन गार्डन में इस महीने इन 5 सब्जियों को आसानी से उगा सकते हैं.
अगर आप गमले में गाजर उगाना चाहते हैं, तो इसके लिए छोटी या शॉर्ट-रूट किस्में सबसे बेहतर होती है. इन किस्मों की जड़ें कम गहराई में भी अच्छी तरह विकसित हो जाती हैं. इसके लिए कम से कम 20 से 25 सेंटीमीटर गहरा गमला चुनें और उसमें हल्की, भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी भरें, और गाजर के पौधे को लगा दें. फिर समय-समय पर सिंचाई करते रहें और मिट्टी में नमी बनाए रखें.
ड्वार्फ फ्रेंच बीन्स उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो कम जगह में ज्यादा उत्पादन चाहते हैं. इसे लगभग 30 सेंटीमीटर गहरे और 45 सेंटीमीटर चौड़े गमले में आसानी से उगाया जा सकता है. यह पौधा धूप वाली जगह पर तेजी से बढ़ता है और बेहतर सिंचाई और हल्की खाद देने पर लंबे समय तक हरी-हरी फलियां देता रहता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक ही पौधे से कई बार तुड़ाई की जा सकती है.
लेट्यूस, मस्टर्ड ग्रीन्स जैसी सलाद पत्तियां तेजी से बढ़ने वाली फसलें हैं और इन्हें गमलों में आसानी से उगाना जा सकता है. यदि हर दो से तीन सप्ताह के अंतराल पर इनकी बुवाई की जाए, तो लंबे समय तक लगातार ताजी पत्तियां मिलती रहती हैं. समय-समय पर पौधों में पानी और हल्की जैविक खाद देने से पौधे स्वस्थ रहते हैं और घर पर ही ताजा सलाद का आनंद लिया जा सकता है.
मूली सबसे जल्दी तैयार होने वाली सब्जियों में से एक है. इसकी गार्डनिंग के लिए लगभग 15 से 20 सेंटीमीटर गहरा गमला बेस्ट होता है. अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में बीज बोने के बाद नमी बनाए रखना जरूरी होता है. वहीं, सही देखभाल के साथ यह लगभग 30 से 40 दिनों में तैयार हो जाती है. घर पर उगाई गई ताजी मूली स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पूरी तरह केमिकल फ्री भी होती है.
स्प्रिंग अनियन यानी हरी प्याज कम जगह में आसानी से उगाई जाने वाली सबसे बेहतरीन सब्जियों में से एक है. इसे गमलों, ग्रो बैग या छोटे कंटेनरों में भी लगाया जा सकता है. इसके लिए अच्छी क्वालिटी वाली मिट्टी, पर्याप्त धूप और सही से सिंचाई मिलने पर यह 8 से 12 सप्ताह में तैयार हो जाती है. इसकी हरी पत्तियां और डंठल सलाद, सूप, नूडल्स और कई अन्य व्यंजनों में इस्तेमाल किए जाते हैं.