
झांसी के गरौठा थाने में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष और मिशन जागृति से जुड़े किसान नेता अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ बाबू महाराज की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह मऊरानीपुर में प्रस्तावित किसान रैली और क्षेत्र में अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान के मुद्दे पर थाना प्रभारी से बातचीत करने पहुंचे थे. बातचीत के दौरान उन्हें अचानक घबराहट होने लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े.
किसान नेता के अचानक बेहोश होने पर गरौठा थाना प्रभारी ने बिना देर किए उनकी मदद शुरू की. स्थिति गंभीर देखते हुए इंस्पेक्टर ने मौके पर ही CPR देकर उनके सीने पर दबाव बनाया. थाने के दीवान ने भी उन्हें सांस देने में मदद की. पुलिसकर्मियों की तत्काल कोशिशों के बाद उन्हें सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किसान नेता का प्राथमिक उपचार शुरू किया. हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए झांसी रेफर कर दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए. फिलहाल किसान नेता का उपचार कराया जा रहा है.
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामपुरा ने बताया कि अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ बाबू महाराज उनके चाचा हैं. उन्होंने बताया कि बाबू महाराज किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष होने के साथ मिशन जागृति से भी जुड़े हुए हैं. क्षेत्र में हुई अतिवृष्टि से किसानों को हुए नुकसान और मऊरानीपुर में प्रस्तावित किसान रैली को लेकर वह गरौठा थाना प्रभारी से बातचीत करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े.
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के मुताबिक, किसान नेता की हालत गंभीर देखकर थाना प्रभारी ने तत्काल CPR शुरू किया. दीवान ने भी सांस देने में मदद की. इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. समय पर प्राथमिक उपचार मिलने के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए झांसी रेफर कर दिया.
इलाज के बाद अरविंद कुमार मिश्रा उर्फ बाबू महाराज ने बताया कि वह मऊरानीपुर में होने वाली किसान रैली के सिलसिले में गरौठा थाने पहुंचे थे. थाना प्रभारी से किसान मुद्दों को लेकर बातचीत के दौरान उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई और वह बेहोश होकर गिर पड़े.
उन्होंने बताया कि इसके बाद इंस्पेक्टर ने तत्काल CPR दिया और पुलिसकर्मी उन्हें सरकारी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे. अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि समय पर मिली मदद और पुलिस की तत्परता से उन्हें उपचार मिल सका. उन्होंने गरौठा थाना प्रभारी समेत पूरी पुलिस टीम का आभार जताया.
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामपुरा ने भी थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ की तत्परता की सराहना की. उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में पुलिसकर्मियों ने तत्काल मदद की और किसान नेता को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर इलाज मिल सका. (अजय झा की रिपोर्ट)