UP News: लगातार बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों और पशुओं के चारे पर मंडराया संकट

UP News: लगातार बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, फसलों और पशुओं के चारे पर मंडराया संकट

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में लगातार हो रही भारी बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खेतों में जलभराव के कारण फसलों को नुकसान की आशंका है, वहीं पशुओं के लिए हरा चारा लाना भी मुश्किल हो गया है. किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो खेती और पशुपालन दोनों पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है.

बारिश से किसानों की बढ़ी चिंताबारिश से किसानों की बढ़ी चिंता
संदीप सैनी
  • Muzaffarnagar,
  • Jul 09, 2026,
  • Updated Jul 09, 2026, 5:58 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं किसानों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. लगातार हो रही बारिश और जलभराव के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. साथ ही पशुओं के लिए हरा चारा लाना भी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे खेती-किसानी का काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है.

गन्ने सहित अन्य फसलों पर नुकसान का खतरा

लगातार हो रही बरसात से किसानों को डर है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो गन्ना समेत अन्य फसलों में नुकसान बढ़ सकता है. पहले से ही गन्ने की फसल टॉप बोरर और अन्य रोगों से प्रभावित थी, ऐसे में लगातार नमी और जलभराव फसल की स्थिति को और खराब कर सकता है.

बारिश से पशुओं के चारे की हो रही दिक्कत

ग्रामीण किसान दिनेश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की भीषण गर्मी से इंसानों और पशुओं दोनों को राहत जरूर मिली है, लेकिन अब लगातार बारिश नई परेशानी बन गई है. खेतों में पानी भरने के कारण किसान पशुओं के लिए हरा चारा लेने नहीं जा पा रहे हैं. इससे पशुओं के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा कि न तो खेतों से चारा लाया जा सकता है और न ही पशु पर्याप्त हरा चारा खा पा रहे हैं.

खेतों में जाने का बह गया है रास्ता

लगातार हो रही बारिश के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि मुजफ्फरनगर जिले के मोल्हाहेड़ी-जड़ौदा मार्ग तेज पानी के बहाव के कारण बह गया है. वीडियो में करीब 8 फीट चौड़ा ग्रामीण मार्ग पानी की तेज धारा में टूटकर बहता हुआ दिखाई दे रहा है. साथ ही किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण खेतों तक जाने वाले रास्ते बह जाने से उन्हें काफी दिक्कत हो रहा है. वहीं, इससे खेती-किसानी का काम बुरी तरह प्रभावित हो गया है. कई गांवों में तालाब और निचले इलाके पूरी तरह पानी से लबालब हैं. खेतों में पानी निकासी नहीं होने से फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है और किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

किसानों ने प्रशासन से की ये मांग

ऐसे में यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो जलभराव के कारण फसलों की जड़ें प्रभावित हो सकती हैं. इससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है. वहीं, पशुपालकों के लिए चारे की उपलब्धता भी बड़ी चुनौती बन सकती है. किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए ताकि खेतों से अतिरिक्त पानी निकल सके और फसलों को नुकसान से बचाया जा सके. उनका कहना है कि समय रहते कदम उठाए गए तो खेती और पशुपालन दोनों को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है. 

MORE NEWS

Read more!