कीटनाशक कंपनी की पार्टी में देह व्यापार का खुलासा, रामनगर रिसॉर्ट पर छापेमारी में 52 गिरफ्तार

कीटनाशक कंपनी की पार्टी में देह व्यापार का खुलासा, रामनगर रिसॉर्ट पर छापेमारी में 52 गिरफ्तार

उत्तराखंड के रामनगर में एक लग्जरी रिसॉर्ट पर पुलिस की संयुक्त छापेमारी में कथित देह व्यापार और मानव तस्करी से जुड़े मामले का खुलासा हुआ है. जांच में सामने आया कि एक कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े कार्यक्रम के लिए रिसॉर्ट बुक किया गया था. कार्रवाई के दौरान 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
कीटनाशक कंपनी की पार्टी में देह व्यापार का खुलासा, रामनगर रिसॉर्ट पर छापेमारी में 52 गिरफ्तारलग्जरी रिसॉर्ट पर पुलिस की संयुक्त छापेमारी

उत्तराखंड की पर्यटन राजधानी के प्रवेश द्वार और विश्वप्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर में नैनीताल पुलिस ने एक बड़े हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश कर सनसनी फैला दी. एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लग्जरी रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया. मौके से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस ने रिसॉर्ट को सील कर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. यह पूरा मामला एक कीटनाशक बनाने वाली कंपनी से जुड़ा है.

शराब, अश्लील डांस और देह व्यापार का खुलासा

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार चलाया जा रहा था. छापेमारी के समय आरोपी शराब और नशे की पार्टी कर रहे थे, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराया जा रहा था और उन पर नोट उड़ाए जा रहे थे. मौके से आपत्तिजनक सामग्री और कई अहम साक्ष्य भी बरामद किए गए.

मेरठ के कारोबारी ने कराया था पूरा आयोजन

पूछताछ में मुख्य आयोजक की पहचान मेरठ निवासी उमेंद्र कुमार के रूप में हुई. उसने पुलिस को बताया कि अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए 4 और 5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया गया था. पुलिस के अनुसार, प्रत्येक महिला के लिए करीब 10 हजार रुपये का भुगतान तय किया गया था.

साक्ष्य मिटाने की भी हुई कोशिश

जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति या महिला का नाम विजिटर रजिस्टर में दर्ज न किया जाए. पुलिस ने इसे साक्ष्य छिपाने का गंभीर प्रयास मानते हुए रिसॉर्ट को तत्काल सील कर दिया.

सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

क्या सिर्फ एक रिसॉर्ट तक सीमित है यह खेल?

रामनगर में हुई इस कार्रवाई ने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं. यदि एक लग्जरी रिसॉर्ट में इतने बड़े स्तर पर यह अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं, तो इसकी भनक पहले क्यों नहीं लगी? क्या पर्यटन की आड़ में कुछ अन्य प्रतिष्ठानों में भी ऐसे अवैध नेटवर्क सक्रिय हैं? यह ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब अब जांच एजेंसियों को तलाशने होंगे.

अब पूरे जिले में अभियान चलाने की मांग

कॉर्बेट, रामनगर, भीमताल, मुक्तेश्वर और नैनीताल जिले के अन्य पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रिसॉर्ट और होमस्टे संचालित हैं. आसपास के लोगों की मांग है कि ऐसे में यह कार्रवाई केवल एक रिसॉर्ट तक सीमित नहीं रहनी चाहिए. पुलिस और प्रशासन को सभी संदिग्ध प्रतिष्ठानों का वेरिफिकेशन, औचक निरीक्षण और लगातार अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करना होगा कि पर्यटन की आड़ में कहीं भी अनैतिक या अवैध गतिविधियों को पनपने का अवसर न मिले.(लीला सिंह बिष्ट की रिपोर्ट)

POST A COMMENT