
राजस्थान के पाली जिले से ईमानदारी की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है. यहां एक अनाज व्यापारी ने सच्चाई की मिसाल पेश करते हुए किसान के करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने सुरक्षित वापस लौटा दिए. दरअसल, किसान की पत्नी ने घर के गहने सुरक्षित रखने के लिए गेहूं के कट्टे में छिपा दिए थे, लेकिन बाद में किसान ने अनजाने में वही कट्टे अनाज व्यापारी को बेच दिए.
जब व्यापारी को गेहूं के कट्टे से गहनों से भरा टिफिन मिला, तो उसने बिना किसी लालच के किसान को बुलाकर गहने लौटा दिए. यह मामला पाली जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित खैरवा गांव का है. यहां रहने वाले अनाज व्यापारी मांगू खान ने करीब 15 दिन पहले गांव के किसान घीसाराम घांची से 50-50 किलो के दो गेहूं के कट्टे खरीदे थे. उस समय किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि इन कट्टों में गेहूं के साथ कीमती गहने भी रखे हुए हैं. अनाज व्यापारी मांगू खान ने किसान घीसाराम घांची को दुकान पर बुलाकर गहने लौटा दिए.
व्यापारी मांगू खान ने कहा कि गेहूं के कट्टे में उन्हें कई जेवरात मिले, लेकिन उन्होंने तुरंत उसे लौटाने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने पुलिस और गांव के सरपंच को सूचित किया और किसान को दुकान पर बुलाया. सबके सामने उन्होंने किसान को सभी जेवरात लौटा दिए. मांगू खान ने कहा कि उनके पेशे में ईमानदारी सबसे बड़ी चीज है जिससे वे कभी समझौता नहीं करते. इसी बात का खयाल रखते हुए व्यापारी मांगू खान ने किसान घीसाराम घांची को अपनी दुकान पर सभी जेवरात लौटा दिए.
दसअसल, किसान घीसाराम की पत्नी ने एक टिफिन में कई गहने रखकर उसे गेहूं के कट्टे में डाल दिया था. गांव-देहात में ऐसा अक्सर होता है जब रुपये-पैसे या कीमती सामानों को सुरक्षित रखने के लिए अनाज या भूसे में रख दिया जाता है. जहां लोग आलमारी का इस्तेमाल नहीं करते, वहां अक्सर इस तरह से सामान को सुरक्षित रखा जाता है. पाली के खैरवा का मामला भी कुछ ऐसा ही है.
किसान घीसाराम घांची ने गेहूं के कट्टे को बिना चेक किए व्यापारी मंगू खान को बेच दिया. मांगू खान किराया व्यापारी हैं जो गेहूं पीसने और आटा का कारोबार करते हैं. मांगू खान जब गेहूं को पीसने चले तो उन्हें कट्टे में सोने-चांदी के गहनों से भरा एक टिफिन मिला. इस टिफिन में लगभग 15 लाख रुपये के आभूषण थे. इसके बाद व्यापारी ने किसान को फोन कर अपनी दुकान पर बुलाया और कई लोगों की मौजूदगी में आभूषण लौटा दिए.
गहने दरअसल किसान की पत्नी ने चोरी के डर से गेहूं के कट्टे में टिफिन में छुपाए थे. किसान की पत्नी को टिफिन वापस मिलने पर किसान ने कहा कि ये आभूषण बेटियों के गहने हैं जो शादी के लिए रखे गए थे.