
आंध्र प्रदेश में लगातार आए दो चक्रवातों ने किसानों की बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. इस नुकसान की भरपाई और खराब हो चुके बागों को दोबारा तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार से 96.33 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आर्थिक मदद मांगी है. इसके लिए उन्होंने केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, 28 अक्टूबर को आए 'अर्नब' और 2 नवंबर को आए 'मुरासु' चक्रवात से राज्य के 18 जिलों में बागवानी फसलें प्रभावित हुई हैं. इन चक्रवातों से करीब 29,960 हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है और 71,576 किसान प्रभावित हुए हैं. नुकसान का कुल अनुमान 1,092.90 करोड़ रुपये लगाया गया है.
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि 'अर्नब' चक्रवात से 215 मंडलों में 23,211 हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी फसलें प्रभावित हुईं. इनमें अकेले 15,549 हेक्टेयर में केले की फसल को नुकसान पहुंचा है. वहीं, 'मुरासु' चक्रवात से 108 मंडलों में 6,748 हेक्टेयर क्षेत्र में बागवानी फसलें बर्बाद हुई हैं. पलनाडू, गुंटूर, बापटला, एलुरु और पूर्वी गोदावरी समेत कई जिलों के किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से 'मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर' (MIDH) योजना के तहत बागवानी फसलों की बहाली के लिए 44,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता देने की मांग की है. इसके अलावा, मिर्च और सब्जियों की फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए 'राष्ट्रीय कृषि विकास योजना' (RKVY) के तहत मदद मांगी गई है.
उन्होंने नारियल के बागों को हुए नुकसान का भी मुद्दा उठाया है. कोनासीमा, काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, एलुरु और कृष्णा समेत कई जिलों में नारियल के पेड़ों को नुकसान पहुंचा है. खासकर उन पेड़ों को दोबारा ठीक करने की जरूरत है, जिनका ऊपरी हिस्सा यानी क्राउन क्षतिग्रस्त हो गया है. करीब 8,000 हेक्टेयर में नारियल के बागों की बहाली की आवश्यकता बताई गई है.
मुख्यमंत्री ने केंद्र से कुल 37,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बहाली कार्यों के लिए 96.33 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता जल्द मंजूर करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि चक्रवात से प्रभावित बागों को दोबारा तैयार करना जरूरी है, ताकि किसानों को लंबे समय तक आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े और उनकी आजीविका को सहारा मिल सके. (PTI)